सूचना न देने पर एडीओ पर 25 हजार का जुर्माना

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। ड्यूटी में लापरवाही करने पर जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार सिन्हा ने तीन कर्मचारियों पर कार्रवाई की है। कौड़िहार ब्लॉक कुड़ेसर के दो सफाईकर्मियों को निलंबित किया गया है। सूचना के अधिकार के तहत सूचना न देने पर एक एडीओ पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
डीपीआरओ आलोक कुमार सिन्हा की ओर से जारी पत्र में कौड़िहार ब्लॉक के कुड़ेसर ग्राम सभा के सफाईकर्मी संजय कुमार व त्रिभुवन प्रसाद के खिलाफ की गई शिकायत को सही पाया गया। सीडीओ के यहां की गई शिकायत में दोनों सफाईकर्मी ड्यूटी से नदारद थे। मोबाइल पर सही जवाब न मिलने पर निलंबन किया गया है। संजय कुमार के खिलाफ जांच अधिकारी एडीओ मऊआइमा को बनाया गया है वहीं त्रिभुवन प्रसाद के खिलाफ जांच अधिकारी एडीओ जसरा को बनाया गया है। वहीं कोरांव निवासी दुर्गा प्रसाद पांडेय से सूचना के अधिकार के तहत कुछ सूचनाएं मांगी थीं। जिसकी सूचना नहीं दी गई। इस पर उन्होंने राज्य सूचना आयोग में वाद दायर किया। आयोग की ओर से सूचना देने का निर्देश देने के बाद भी सूचनाएं नहीं दी गईं, ऐसे में एडीओ कोरांव पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उनके वेतन से पांच हजार रुपये प्रतिमाह काटा जाएगा।



