संत समागम

रंगारंग कार्यक्रमों के साथ राम महोत्सव का समापन

 

कमिश्नर, डीआईजी झाँसी और निवाड़ी एसएसपी ने किया सम्मान

झांसी/ओरछा ( अनुराग दर्शन समाचार )। ऐतिहासिक व धार्मिक पर्यटन नगरी ओरछा में 16 से 22 मई तक आयोजित राम महोत्सव का समापन आयुक्त झांसी मंडल डा अजय शंकर पाण्डेय, डीआईजी झांसी जोगिंदर कुमार, निवाड़ी एसएसपी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हो गया। समापन समारोह को सम्बोधित करते हुए आयुक्त झांसी डा पांडेय ने कहा कि आयोजन का रुप और प्रासंगिकता देखकर उन्हें पश्चाताप हो रहा है कि उन्होंने यहां प्रतिदिन उपस्थिति क्यों नहीं दी। उन्होंने कहा कि आयोजन में जिस तरह राम के जीवन चरित्र और बुंदेलखंड की लोक संस्कृति व परंपराओं को उकेरा गया है वह प्रशंसनीय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे आगामी आयोजनों में पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। झांसी डीआईजी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वास्तव‌ में इस तरह के आयोजनों से बुंदेलखंड को और यहां के लोगों को समझने में मदद मिलती है। निवाड़ी एसएसपी ने कहा कि इस तरह के आयोजन राजा बुंदेला जैसे लोग ही कर सकते हैं क्योंकि वे बुन्देलखण्ड के लिए अनेक वर्षों से कार्य कर हैं। राम महोत्सव के आयोजक राजा बुंदेला ने इस अवसर पर आयुक्त और अन्य दोनों उपस्थित अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम की कवरेज करने वाले पत्रकारों का सम्मान कराया और शाल श्रीफल व प्रमाण पत्र भेंट किए।
इससे पूर्व सातवें दिन के आयोजन से पूर्व उप्र के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हरगोविंद कुशवाहा, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव मुकेश पाण्डेय, मुन्ना तिवारी आदि ने व्यासपीठ का पूजन कर कार्यक्रमों की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने राम और बुंदेलखंड के सम्बन्ध को प्रतिपादित किया। राज्यमंत्री श्री कुशवाहा ने कहा कि अयोध्या और ओरछा दोनों स्थानों पर राम का साक्षात वास है। अयोध्या में रामलला और ओरछा में राम राजा के रुप में विराजित हैं। दुनिया में किसी स्थान को यह महिमा प्राप्त नहीं है। संवाद कार्यक्रम के पश्चात टीकमगढ़ से आए स्वामी ने रामकथा के जरिए उपस्थित श्रोताओं को राम से मिलाया। इसके बाद हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हुई तो नृत्य, गायन और राम पर आधारित बुंदेलखंड के लोकगीतों से पांडाल गूंज उठा।
राजा बुंदेला ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले कार्यकर्ताओं, सहयोगियों, और रुद्रानी कलाग्राम के सदस्यों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित कराया। सम्मान पाने वाले मुख्य सहयोगियों में राम बुंदेला, संदीप सरावगी, आश्रय सिंह, आरिफ शहडोली, जगमोहन जोशी, सुनील शर्मा, जावेद खान, राकेश साहू सहित उरई, निवाड़ी, मुंबई, झांसी आदि प्रमुख हैं। कार्यक्रम समाप्ति के बाद पुरानी हिंदी फिल्म रामराज्य का प्रदर्शन किया गया जिसका दर्शकों ने देर रात तक लुत्फ उठाया।

Related Articles

Back to top button