गंगा दशहरा पर्व पर श्रद्धालुओं ने की पूजा-पाठ
चित्रकूट ( अनुराग दर्शन समाचार ) । गंगा दशहरा पर्व पर तीर्थ क्षेत्र में हजारों श्रद्धालुओं ने रामघाट स्थित मन्दाकिनी नदी में स्नान कर मत्स्यगयेन्द्रनाथ में जलाभिषेक किया। कामतानाथ मन्दिर में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड रही। श्रद्धालुओं ने कामतानाथ के जयकारे लगाते हुए परिक्रमा कर गरीबों को दक्षिणा देकर पुण्यलाभ कमाया।
गुरुवार को गंगा दशहरा पर्व पर चित्रकूट में हजारों श्रद्धालुओं का तांता लगा। रामघाट के अलावा भरतघाट, जानकीकुण्ड, आरोग्यधाम, प्रमोद वन के किनारे घाटों में सवेरे से श्रद्धालुओं का जमावडा शुरु हो गया। श्रद्धालुओं ने मन्दाकिनी नदी में डुबकी लगाने के बाद दान-पुण्य किया। कामतानाथ स्वामी मन्दिर पहुंचकर पूजन-अर्चन कर परिक्रमा लगाई। परिक्रमा दौरान कुछ श्रद्धालुओं ने लेटी परिक्रमा भी लगाई। असहाय लोगों ने ट्राई साइकिल से परिक्रमा पूरी की। पूरे परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं ने बन्दरों को चना व फल खिलाये। असहायों को दान दिया। जिले के अन्य नदियों के किनारे भी सवेरे से लोगों ने गंगा दशहरा पर्व पर डुबकी लगाकर नीलकंठ के दर्शन किये। कई स्थानों पर रामचरितमानस पाठ भी हुआ। भरत मन्दिर के दिव्यजीवन दास ने बताया कि गंगा दशहरा पर्व पर नीलकंठ के दर्शन का बहुत महत्व है।



