कोरोना के खतरों के बीच कल से खुलेगा इविवि
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । कोरोना संक्रमण के खतरों के बीच इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संघटक कॉलेज के कार्यालय सोमवार, 22 जून से खुलेंगे। गत शुक्रवार को इविवि के एक प्रोफेसर और एक अधिकारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद शिक्षक, कर्मचारी और छात्र सकते में हैं।
उन्हें इस बात का डर सता रहा है कि न जाने कौन हाल ही में प्रोफेसर व अधिकारी के सम्पर्क में आया हो। ऐसे में कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। कुछ शिक्षक व कर्मचारी दबी जुबां से कह रहे हैं कि इविवि प्रशासन की लापरवाही कहीं भारी न पड़ जाए।
ज्ञात हो कि 22 मार्च से इविवि एवं इसके संघटक कॉलेजों में शिक्षण कार्य बंद है। इसके बाद छह जून से वीसी, रजिस्ट्रार, वित्त अधिकारी, परीक्षा नियंत्रक, डीएसडब्ल्यू, चीफ प्रॉक्टर, डीन और विभागाध्यक्षों के कार्यालय में काम शुरू हो गया।
इस दौरान शिक्षकों के लिए 21 जून तक ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया गया। अब सोमवार यानी 22 जून से शिक्षकों को अपने-अपने विभाग में आना होगा। उधर, इलाहाबाद विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ (ऑक्टा) ने शिक्षकों को कॉलेज नहीं बुलाने की मांग की है।
रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ल ने कहा कि सभी संकाय, विभाग, कार्यालय को सेनिटाइज कराके सोमवार से खोलने की तैयारी है। शिक्षक, कर्मचारियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए सेनिटाइजेशन बार-बार कराए जाएंगे।
प्रो. शुक्ल ने यह भी कहा कि सेंट्रल लाइब्रेरी और विज्ञान संकाय के विभाग को कई बार सेनिटाइज कराने के बाद ही खोला जाएगा। अभी दोनों स्थानों को बंद कर दिया गया है।




