बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक नाबालिग लड़की के अपहरण के बाद दुष्कर्म और हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. नाबालिग लड़की को पहले तो थाने के बगल से अगवा किया गया, उसके बाद उसे शराब पिलाकर पांच दरिंदों ने उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया. थाने के बगल से लड़की अगवा होने के बाद उसके साथ इतनी दरिंदगी हुई, लेकिन पुलिस को इसकी कानो-कान खबर नहीं हुई. उधर मामले में एसपी का कहना है कि परिजनों द्वारा दुष्कर्म के आरोप की जांच की जा रही है. पकड़े गए शख्स से पूछताछ जारी है.
मामला बाराबंकी जिले के कुर्सी थाने से चंद कदम दूर का है. जहां से पांच हैवानों ने 14 साल की एक नाबालिग लड़की का पहले तो अपहरण किया और उसे एक सुनसान बाग में ले जाकर उसे शराब पिलाया. इन पांचों आरोपियों ने वहां नाबालिग के साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया. जिसके बाद लड़की को खून से लथपथ हालत में वहीं छोड़कर फरार हो गए. उधर राहगीरों ने जब लड़की को बदहवास हालत में देखा तो भीड़ इकट्ठा हुई. मामला कुर्सी पुलिस के पास पहुंचा, जिसके बाद नाबालिग लड़की को इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उसकी दर्दनाक मौत हो गई.


