आर्मी केम्प पर आतंकी हमला, एक जवान शहीद, 7 घायल

वेब डेस्क। जम्मू कश्मीर के सुंजवां आर्मी कैंप पर हुए आतंकी हमले में एक जवान शहीद हो गया है, जबकि सात लोगों के घायल होने की खबर आ रही है, जिनमे सेना के एक मेजर, दो जेसीओ, दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं. आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन को सुंजुवां में चल रहे ऑपरेशन और हालिया स्थिति के बारे में जानकारी दी है.
आतंकियों ने ये आत्मघाती हमला शनिवार को तड़के सुबह 5 बजे के आसपास किया. जानकारी के मुताबिक, 3-4 आतंकी कैंप के पीछे के इलाके से जाली काटकर अंदर घुसे. इसके बाद उन्होंने गोलीबारी शुरू की.
आतंकियों के इस हमले का क्विक रेस्पांस टीम ने भी जवाब दिया है. हमले को देखते हुए पूरे जम्मू में हाई अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही इलाके को सील कर दिया गया है. सुरक्षा बल हेलिकॉप्टर के जरिए निगरानी रख रहे हैं.
बताया जा रहा कि जिस घर की ओर से जवानों पर फायरिंग की जा रही है, अब उसे उड़ाने की तैयारी की जा रही है. इस घर को उड़ाने से पहले सुरक्षाबल इस बात की तस्दीक कर रहे हैं कि वहां कोई महिला या बच्चे न हों. पूरे इलाके की हेलिकॉप्टर से निगरानी की जा रही है.
इधर जम्मू-कश्मीर विधानसभा में इस हमले का गुस्सा दिख रहा है. वहां विधायक पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगा रहे हैं. विधानसभा के स्पीकर कविंद्र गुप्ता ने आशंका जताई है कि इस हमले को अंजाम देने में कैंप के पास ही रह रहे रोहिंग्या हो सकते हैं.
डीजीपी एसपी वैद्य ने आतंकी हमले के बारे में गृहमंत्री को पूरी जानकारी दी है. गृह मंत्रालय पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. आतंकियों के खात्मे के लिए सेना का ऑपरेशन जारी है.




