बाइक सवार दो युवकों ने लड़की को सड़क से उठाया

चार घंटे बाद बांध रोड से किशोरी बरामद, एक युवक गिरफ्तार
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । सड़क पर भीख मांगकर गुजारा करने वाली एक नाबालिग को अगवा करने की सूचना से हड़कंप मच गया। नैनी कोतवाली क्षेत्र के सरगम तिराहे के समीप से रविवार दोपहर एक 12 साल की किशोरी को युवक बहला-फसलाकर बाइक से उठा ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद ली तो बाइक सवार दो युवक उक्त किशोरी को ले जाते हुए दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नैनी पुलिस ने चार घंटे बाद किशोरी को बांध रोड अरैल से बरामद कर लिया। एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरा फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनी के सरगम तिराहा के समीप गरीबों का कुनबा रहता है। उसी कुनबे की एक लड़की रोज की तरह लोगों से खाने के लिए पैसे मांग रही थी। उसी दौरान एक बाइक से आए दो युवक जगदीश भारतीया निवासी ककराई, सराय इनायत व उसका साथी मो. अफसरी निवासी मेंहदौरी कालोनी, शिवकुटी उसे अपने साथ ले गए। मौके से जगदीश भारतीया को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि उसका साथी फरार हो गया। किशोरी को उसके परिजनों को बुलाकर सौंप दिया गया।



