फेसबुक फ्रेंड ने लगायी एक लाख की चपत

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। साइबर ठगों ने अतरसुइया के एक व्यक्ति को फेसबुक पर दोस्त बनकर एक लाख रुपए की चपत लगाई है। पीडि़त व्यक्ति ने ठगी का शिकार होने के बाद अतरसुइया थाने में साइबर अपराध की एफआईआर दर्ज कराई है। गुजराती मोहल्ला अतरसुइया के रहने वाले अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि 30 अगस्त को उनके दोस्त अजीत कुमार की फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर साइबर ठगों ने उनसे संपर्क किया। मैसेंजर पर मैसेज किया कि कुछ समस्या है, तत्काल पैसे की जरूरत है। गूगल पे के माध्यम से साइबर ठगों ने 10 हजार रुपया ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करने की बात कही। अशोक कुमार मैसेज पढ़कर भावुक हो गए और उन्होंने बिना सत्यापन के 10000 रुपया ट्रांसफर कर दिया। इसके बाद साइबर ठगों ने फिर से संपर्क किया और और पैसे की मांग की। इस तरह 10-10 हजार रुपया करके उन्होंने कुल एक लाख रुपया जमा कर दिया। इसके बाद उन्हें ठगी की जानकारी हुई। पता चला कि अजित ने कभी पैसा मांगा ही नहीं है।


