Latest

मुविवि में अब 31 अक्टूबर तक प्रवेश

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (मुविवि) में प्रवेश सत्र जुलाई 2020-21 के प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दी गई है। प्रवेश प्रभारी डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव ने बताया कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण प्रदेश के विभिन्न अध्ययन केंद्रों पर छात्रों द्वारा अभी तक प्रवेश न ले पाने के कारण एक बार प्रवेश तिथि को और आगे बढ़ाया गया है। एमबीए तथा एमसीए में प्रवेश के इच्छुक प्रवेशार्थियों के पंजीकरण हेतु अंतिम तिथि भी 31अक्टूबर तक बढ़ा दी गयी है। अध्ययन केन्द्र समन्वयक एवं छात्रों की मांग पर लोकप्रिय कार्यक्रमों में प्रवेश सुविधा का लाभ देने के लिए कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रवेश तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

मीडिया प्रभारी डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि कोविड काल में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शिक्षार्थियों के लिए मददगार सिद्ध हो रही है। इच्छुक विद्यार्थी घर बैठे प्रदेश भर में फैले 1088 अध्ययन केंद्रों पर लगभग 105 कार्यक्रमों में अपने मनपसंद कार्यक्रम में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शिक्षार्थियों की सहायता के लिए आईसीटी सेल को और प्रभावी बनाया गया है, जिससे प्रदेश के सभी छात्रों को ऑनलाइन सहायता तुरंत उपलब्ध हो सके।

Related Articles

Back to top button