बिजली का फाल्ट दूर करने के दौरान हुआ हादसा, कर्मचारी की मौत, जेई पर मुकदमा दर्ज
( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जार्जटाउन में बिजली विभाग के संविदाकर्मी की मौत हो गई। आरोप है कि बिजली के पोल पर चढ़कर फाल्ट दूर करने के दौरान ही बिजली सप्लाई चालू करने से वह करंट की चपेट में आ गया। कर्मचारियों एवं परिवार वालों ने इस मामले को लेकर हंगामा भी किया। वहीं, परिजनों ने जेई के खिलाफ जार्जटाउन थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया है।
सलोरी निवासी हरिश्चंद्र प्रजापति (45 वर्ष) फोर्ट रोड उपकेंद्र पर संविदाकर्मी था। मंगलवार की भोर करीब चार बजे अल्लापुर स्थित अमिताभ बच्चन रोड पर जंपर में गड़बड़ी की शिकायत पर वह पहुंचा। पोल पर चढ़कर मरम्मत के दौरान ही वह करंट की चपेट में आ गया और पोल से नीचे गिर गया। आनन-फानन में हरिश्चंद्र को एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंचे परिजनों ने हंगामा कर दिया। उनका आरोप था कि अचानक बिजली आपूर्ति शुरू करने से वह हादसे का शिकार हुआ। हरिश्चंद्र का एक हाथ काला पड़ गया था। इलाज में भी देर की गई।
वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घटना के समय आपूर्ति चालू नहीं थी। संविदाकर्मी पैर फिसलने की वजह से नीचे गिरा, जिससे उसकी मौत हुई। इंस्पेक्टर जार्जटाउन पवन त्रिवेदी का कहना है कि तहरीर के आधार पर जेई के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।


