आज पेंशन संगोष्ठी में ‘बन्धु’ जी के साथ शामिल होंगे विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। शनिवार को बालसन चौराहे पर अटेवा पेंशन बचाओ मंच प्रयागराज के जिला संरक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में पेंशन संगोष्ठी को सफल बनाने के लिए बैठक हुई । रविवार को कमला भवन संगम पेट्रोल पंप के पास जॉर्ज टाउन में पेंशन आंदोलन के अग्रदूत अटेवा पेंशन बचाओ मंच उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार ‘बन्धु’ जी के साथ विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी तथा सभी विभागों के शिक्षक कर्मचारी व बेरोजगार पेंशन संगोष्ठी में एक साथ शामिल होंगे । उक्त जानकारी देते हुए अटेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ हरि प्रकाश यादव ने कहा कि एनपीएस, निजीकरण और संविदा के मुद्दे पर शिक्षक कर्मचारी व बेरोजगार नवयुवक मिलकर चोट करेंगे । उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षक, कर्मचारी, अधिकारी और बेरोजगार साथी एकजुट नहीं होंगे तब तक सरकार के द्वारा हमारे हितों पर कुठाराघात होता रहेगा साथ ही बेरोजगार नवयुवकों का शोषण होता रहेगा । यह बड़ा ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि शिक्षामित्र, अनुदेशक और संविदा के पद पर कार्य करने वाले शिक्षकों/कर्मचारियों का मानदेय चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के आधे वेतन से भी कम है । ऐसा प्रतिनिधि हमारे किस काम का जो हमारे हितों की रक्षा के लिए आवाज न उठा सके । आगामी 1 दिसंबर 2020 को होने वाले एमएलसी चुनाव से पूर्व हम सबको मिलकर यह मंथन करना होगा विचार करना होगा कि हमें कैसा प्रतिनिधि चाहिए ? राजनीतिक दल का गुलाम प्रतिनिधि या सेवानिवृत्त प्रतिनिधि या पेंशन विहीन, सेवारत युवा प्रतिनिधि । प्रदेश प्रवक्ता उपेंद्र वर्मा पेंशन संगोष्ठी को सफल बनाने के लिए शिक्षकों कर्मचारियों व बेरोजगारों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की ।



