Latest

झूंसी के तीन हिस्ट्रीशीटर के मकान जमींदोज

छोट्टन गिरी, बबलू गिरी व ऋषि भारती के मकान ध्वस्त

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माफिया और हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ पीडीए और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहा है। गुरुवार को झूंसी के छतनाग में हिस्ट्रीशीटर छोट्टन गिरी, बबलू गिरी और उसतापुर में ऋषि भारती के आलीशान मकानों को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की टीम ने धराशायी कराया। कार्रवाई की जानकारी होने पर इलाके में खलबली है।
पीडीए के जोनल अधिकारी सत शुक्ला, शिवानी सिंह और आलोक कुमार पांडेय प्रशासनिक अफसरों के साथ गुरुवार दोपहर छतनाग गांव पहुंचे। अधिकारियों ने करीब 500 वर्ग गज के दो मंजिला एक ही मकान में रह रहे हिस्ट्रीशीटर बबलू गिरि उर्फ प्रमोद और उसके भाई छोट्टन गिरि के परिवार से मकान खाली करने को कहा। सामान निकालने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में पांच जेसीबी लगाई गई। करीब पांच घंटे में मकान को धराशायी करा दिया गया।
छतनाग में कार्रवाई के बाद उसतापुर निवासी ऋषि भारतीय के करीब 1000 वर्ग गज के मकान को ध्वस्त किया गया। इसमें आगे आठ दुकान की मार्केट और पीछे मकान था। वहां उसके भाई शशि भारतीय ने विरोध किया कि इसे पिता कैलाश ने बनवाया है। अधिकारियों ने उसे सरकारी काम में बाधा न पहुंचाने की बात कहते हुए हिरासत में लिया। हालांकि देर शाम तक मकान को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
जोनल अधिकारी सत शुक्ला ने बताया कि विधिक प्रक्रिया करने के बाद दोनों मकान ढहाने की कार्रवाई की गई। बता दें कि अवैध मकानों के ध्वस्तीकरण की यह चौथी कार्यवाही है। इसके पहले अंदावा में माफिया व पूर्व सांसद अतीक अहमद, हवेलिया में राजेश यादव व छतनाग में अशोक यादव के मकान ढहाए जा चुके हैं।

Related Articles

Back to top button