नाइट कफ्र्यू में कैसे होगी शादियां शादी वालों घरों से जुड़े लोग परेशान

बारातघर व होटल से साध रहे संपर्क
( अनंत पांडेय )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शादियों का मौसम आ रहा है और रात्रि कफ्र्यू ने लोगों की नींद उड़ा दी है। जिन घरों में शादियां हैं, वो इस बात को लेकर परेशान हैं कि आखिर अब वैकल्पिक व्यवस्था क्या करेंगे। जिला प्रशासन ने गुरुवार रात से रात्रि कफ्र्यू लागू कर दिया है। रात 10 से सुबह छह बजे तक केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को बाहर निकलने की अनुमति होगी। 22 अप्रैल से सहालग शुरू हो रही है। पिछले साल गर्मी में लॉकडाउन के कारण शादियां नहीं हुई थीं। ठंड में कम दिन की लगन थी, ऐसे में कम ही शादियां हुईं। हालात सामान्य देख लोगों ने शादी के लिए बुकिंग करा दी, लेकिन अब नई गाइड लाइन आ गई है।
रात्रि कफ्र्यू का समाचार सुनने के बाद बारात घर व होटल वालों से तमाम ऐसे लोगों ने संपर्क साधना शुरू किया है जिनके घर में शादी है। चिंता इस बात की है कि आखिर अब क्या करेंगे। उनके यहां अप्रैल में पूरी बुकिंग है। मई में भी एकाध दिन छोड़ दिया जाए तो लगभग पूरी मई शादियां होनी हैं। ऐसे में सभी को गाइड लाइन के अनुसार ही आने के लिए कहा गया है। भला है कि प्रदेश सरकार ने इस बार शादियों पर रोक नहीं लगाई। उधर एडीएम सिटी एके कनौजिया का का कहना है कि नाइट कफ्र्यू के दौरान सहालग को देखते हुए गाइड लाइन जारी की गई है। गाइडलाइन के अनुसार ही लोगों को शादियां करनी होंगी। नियम नहीं तोड़ा जा सकता।
गाइड लाइन के अनुसार-
– बंद कमरे में एक बार में 50 से अधिक लोग नहीं हो सकते हैं।
– हाल होने की दशा में अधिकतम 100 लोगों को रहने की अनुमति है।
– खुले मैदान में 200 से अधिक लोग एक बार में मौजूद नहीं हो सकते।



