यमुना एक्सप्रेसवे पर दो बड़े हादसे, एम्स के 3 डॉक्टर सहित 5 लोगों की मौत

दिल्ली और आगरा के बीच बने यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे. रविवार को तड़के एक्सप्रेसवे पर दो बड़े हादसे हुए. पहला हादसा जहां गौतमबुद्धनगर के दनकौर के पास हुआ है, वहीं दूसरा हादसा मथुरा के पास हुआ. दोनों हादसों में AIIMS के तीन डॉक्टर्स सहित 5 लोगों की मौत हो गई.
मथुरा के थाना सुरीर कोतवाली इलाके में यमुना एक्सप्रेस वे पर माइल स्टोन 88 के पास एक तेज रफ्तार इनोवा कार कन्टेनर से जा टकराई. हादसे में एम्स के 3 डॉक्टरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हैं. घायल डॉक्टरों को इलाज के लिए एम्स रवाना कर दिया गया है.
पुलिस ने मृत डॉक्टरों की पहचान डॉ. हेमबाला, डॉ. यशप्रीत और डॉ. हर्षद के रूप में की है. वहीं डॉ. कैथरीन, डॉ. अभिनव और डॉ. महेश सहित 4 डॉक्टर घायल हुए हैं, जिन्हें एम्स भेज दिया गया है.
दनकौर में हुए एक अन्य हादसे में एक रोडवेज बस एक्सप्रेसवे से नीचे गिर गई. जानकारी के मुताबिक, यह बस औरैया से नोएडा आ रही थी. बस में सवार 2 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य यात्री घायल हुए हैं. घायलों में 4 बच्चे शामिल हैं.

