वन नेशन वन राशन कार्ड को लेकर अभियान
उमरे अपने स्टेशनों पर प्रसारित करेगा प्रधानमंत्री का संदेश
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। वन नेशन वन राशन कार्ड योजना को पूरे देश में लागू किया जा रहा है। मोबाइल सिम की तरह ही राशन कार्डों के लिए पोर्टेबिलिटी की सुविधा लागू की गई है। इसका उद्देश्य देश में प्रवासी जनता को अपनी पसंद के किसी भी फेयर प्राइस शॉप से खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले लाभ को इलेक्ट्रॉनिक पॉइंट ऑफ सेल डिवाइस से बायोमेट्रिक आधार से प्रमाणित करते हुए ले सकने की सुविधा प्रदान करना है।
वन नेशन वन राशन कार्ड प्रणाली के संबंध में व्यापक जागरूकता प्रसारित करने के लिए रेलवे ने स्टेशनों पर सार्वजनिक उदघोषणा प्रणाली का उपयोग कर ऑडियो स्पॉट चलाने का निर्णय लिया है। इस कार्य में उत्तर मध्य रेलवे अहम भूमिका निभाएगा क्योंकि यह देश के सबसे अधिक आबादी वाले क्षेत्र को सेवित करती है।
लोगों को जागरूक करने के लिए हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में प्रधानमंत्री के संदेश वाले लगभग 40 सेकंड के ऑडियो स्पॉटों को सार्वजनिक उदघोषणा प्रणाली पर चलाने के लिए प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों के साथ साझा किया गया है। वन नेशन वन राशन कार्ड प्रणाली के बारे में अधिक जानकारी के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर-14445 डायल कर प्राप्त की जा सकती है।



