इलाहाबाद समाचारकुंभगंगा तट सेमेला समाचार

नाथ संप्रदाय ने कुंभ क्षेत्र में लहराया भगवा ध्वज

कुंभनगर। नाथ संप्रदाय की आन, बान व शान का प्रतीक भगवाध्वज कुंभ मेला क्षेत्र में लहराने लगा है। अखिल भारतवर्षीय अवधूत मेध बारहपंथ योगी महासभा हरिद्वार गुरु गोरखनाथ अखाड़ा के शिविर में सोमवार सुबह भगवा ध्वज फहराया गया। सर्वप्रथम उपाध्यक्ष महंत बालकनाथ के नेतृत्व में मंत्रोच्चार के बीच ध्वज व अखाड़ा के आराध्य भगवान शंकर के स्वरूप महायोगी गुरु गोरक्षनाथ का पूजन हुआ। उसके बाद महात्माओं ने विशाल लकड़ी में ध्वज लगाकर जयकारे के बीच उसे खड़ा किया।

महंत बालकनाथ ने कहा कि सनातन धर्म के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास करना होगा। इसके लिए महात्माओं के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। समाज के लोगों को उनके धर्म, संस्कृति, त्योहार से जोड़ने की जरूरत है। इसको लेकर अखिल भारतवर्षीय अवधूत मेध बारहपंथ योगी महासभा हरिद्वार गुरुगोरखनाथ अखाड़ा अग्रणी भूमिका निभा रहा है। भविष्य में धर्म व समाज हित की मुहिम को गति दी जाएगी। इस दौरान नाथ महंतधारी पीर शेरनाथ, जमात महंत कृष्णनाथ, सेवानाथ चेताईनाथ, निर्मलनाथ मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं अध्यक्ष

नाथ संप्रदाय के मठ-मंदिर भारत के अलावा अनेक देशों में फैले हैं। नेपाल, पाकिस्तान, काबुल, म्यांमार सहित अनेक देशों में इसकी शाखाएं हैं। जबकि गुरुगोरखनाथ अखाड़ा का मुख्यालय हरिद्वार में है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अखिल भारतवर्षीय अवधूत मेध बारहपंथ योगी महासभा के अध्यक्ष हैं। महंत बालकनाथ बताते हैं कि नाथ सम्प्रदाय की परंपरा अनादिकाल से चली आ रही है। विश्व में योग-ध्यान की साधना के जरिए मानव को संन्मार्ग पर चलाना हमारा उद्देश्य है, जिसको लेकर विश्वभर में मुहिम चल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button