महात्माओं ने लगाया जबरन स्थान बदलने का आरोप, कोर्ट में दाखिल करेंगे याचिका

(अनंत पांडेय )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। माघ मेला क्षेत्र में खाकचौक का विवाद खत्म नहीं हो रहा है। पहले मनचाही जगह के लिए खाकचौक व्यवस्था समिति ने मेला प्रशासन के खिलाफ धरना दिया।
जमीन मिली पर आपसी विवाद शुरू हो गया। खाकचौक के प्रतिष्ठित महात्माओं का स्थान नियम विरुद्ध बदलने का आरोप लगाया जा रहा है। महात्मा प्रशासन से हस्तक्षेप करके तय स्थान पर जमीन देने की मांग कर रहे हैं। खाकचौक व्यवस्था समिति ने रामानंदाचार्य मार्ग ‘अ व महावीर मार्ग चौराहा पर शिविर लगाने वाले महात्माओं को अबकी जमीन नहीं दी।
प्रतिष्ठित संत स्वामी रामतीर्थ दास भी उसमें शामिल हैं। वे बताते हैं कि 24 दिसंबर को उन्हें तय स्थान पर जमीन दी गई लेकिन, शाम तक स्थान बदल दिया गया।
उन्हें समुद्र कूप की कीचड़ में जमीन दी गई। मना करने पर एक नंबर पुल गंगा किनारे शिविर लगाने को कहा जा रहा है। ऐसे दर्जन भर महात्माओं के साथ अभद्रता हो रही है। कहा कि उन्हें तय स्थान पर जमीन न मिली तो वह शिविर नहीं लगाएंगे। समिति की मनमानी के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे, प्रशासन को भी उसमें पार्टी बनाएंगे, क्योंकि नियमानुसार जमीन वितरण कराने की जिम्मेदारी प्रशासन की है। वहीं, समिति के अध्यक्ष सीताराम दास ने असंतोष दूर करके नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है। माघ मेला में वैसे भी इस बार बहुत देरी से तैयारी हो रही है। कुछ ही दिन रह गए हैं लेकिन अब तक मेेले में जरूरी इंतजाम नहीं हुए हैं।




