माघ मेला में स्पेशल कोविड टॉस्क फोर्स, सभी थानों पर बनाया गया कोविड हेल्प डेस्क; सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी करेंगे सहयोग

(अनुराग शुक्ला) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोविड 19 के संक्रमण को देखते हुए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से माघ मेला में स्पेशल कोविड टॉस्क फोर्स का गठन किया गया है।
आईजी केपी सिंह ने बताया कि दोनों विभागों की टीमें एक साथ 24 घंटा काम करेंगी। कोरोना संक्रमण को देखते हुए माघ मेला में सभी थानों पर कोविड हेल्प डेस्क बनाया गया है। माघ मेला में ड्यूटी पर आए सभी पुलिसकर्मियों को कोविड व सुरक्षा संबंधित ट्रेनिंग दी जाएगी।
आईजी केपी सिंह ने बताया कि अब तक मेला क्षेत्र में 13 में से 12 थाने बन गए हैं। एक नैनी का थाना बनना बाकी है। पहले चरण में लगभग 800 पुलिसकर्मी आमद कर चुके हैं। मंगलवार से उनको तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। सुबह सात बजे तक आउटडोर और 11 बजे से इनडोर ट्रेनिंग दी जाएगी। आउटडोर में उन्हें सुरक्षा और आपदाप्रबंधन के बारे में बताया जाएगा।
वहीं इनडोर में मनोवैज्ञानिक और रिटायर पुलिस अफसर उन्हें माघ मेला में ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने की जानकारी देंगे। उन्हें तनाव को दूर भगाने का गुर बताया जाएगा। यह भी सिखाया जाएगा कि माघ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ कैसे बातचीत व व्यवहार करना है। तीसरे चरण में रोज शाम को माघ मेला में गश्त करेंगे। पांच जनवरी तक सभी पुलिसकर्मी माघ मेला में आमद कर लेंगे।




