ड्रोन कैमरों से होगी नए साल के जश्न की निगरानी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोविड-19 के मौजूदा दौर के बीच नए साल के जश्न में भीड़भाड़ रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। सामूहिक कार्यक्रमों में विशेष सावधानी बरतने और कोविड-19 का प्रोटोकाल का पूरा पालन कराने को कहा गया है।
जारी किए गए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश
कोविड प्रोटोकाल व गाइडलाइंस का सख्ती से होगा पालन
ऐसा कोई भी कार्यक्रम जिलाधिकारी व पुलिस कमिश्नर को पूर्व सूचना देकर ही आयोजित किए जाएंगे। नववर्ष कार्यक्रम की अनुमति के समय ही आयोजक का नाम, पता, मोबाइल नम्बर के साथ ही इसमें शामिल होने वाले लोगों की अनुमानित संख्या भी ली जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान कोविड प्रोटोकाल तथा गाइडलाइन्स के अनुपालन का उत्तरदायित्व आयोजकों का होगा। किसी भी बन्द स्थान में कार्यक्रम की स्थिति में निर्धारित क्षमता का 50 प्रतिशत लेकिन एक समय में अधिकतम 100 व्यक्तियों तक तथा खुले स्थान, मैदान में कार्यक्रम होने की स्थिति में ऐसे स्थानों के क्षेत्रफल के 40 प्रतिशत से कम क्षमता तक ही अनुमति दी जाए। कार्यक्रम में शामिल होने वालों के लिए फेस मास्क, सोशल डिस्टेन्सिंग, थर्मल स्कैनिंग, सेनिटाइजर एवं हैंडवाश का प्रयोग अनिवार्य किया गया है।
जरूरत पड़ी तो कार्यक्रम स्थलों के आस-पास पुलिस पेट्रोलिंग और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। नववर्ष पर भड़काऊ तथा विद्वेष फैलाने वाली भ्रामक अफवाहों की तत्परता से रोकथाम के लिए जनपद स्तर पर सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। मदिरा की दुकानों एवं बार आदि के आस-पास पर्याप्त पुलिस प्रबन्ध रहेगा।




