40 फीसद से कम सवारी पर नहीं चलेगी बस सेवा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। बस अड्डे पर उपलब्ध यात्रियों के अनुसार ही रोडवेज की बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा पर्याप्त सवारी मिलने पर ही अनुबंधित बसें चलेंगी।
सवारी नहीं मिलने से रोडवेज की आय घटकर हो गई आधी
रोडवेज ने परिक्षेत्र में आय बढ़ाने के लिए शुरू किया प्रयास
इसके अलावा कुछ बसों के दस्तावेज आरटीओ में सरेंडर भी किए जाएंगे। घाटा कम करने के लिए तमाम ऐसे प्रयास किए जा रहे। दरअसल, कोरोना कर्फ्यू की वजह से रोडवेज के प्रयागराज परिक्षेत्र में यात्रियों की संख्या घटी है।
इससे नियमित आय भी प्रभावित हुई है। वहीं, अनुबंधित बस संचालकों पर रोड टैक्स का बोझ बढ़़ रहा है। परिक्षेत्र के आठ डिपो में कुल 612 बसों का संचालन किया जाता है। इससे करीब 65 लाख रुपये प्रतिदिन कमाई होती थी। लेकिन, सवारी नहीं मिलने से आय घटकर आधी हो गई है।
इससे नुकसान उठाना पड़ रहा है। मामले को लेकर 13 मई को अपर प्रबंध निदेशक ने वर्चुअल बैठक की थी। इसमें अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोड फैक्टर 40 फीसद से कम होने पर सत्यापन कर समय व रूट को ऐसे रिशेड्यल करें ताकि पर्याप्त सवारी मिल जाए। ऐसा न होने पर अस्थाई रूप से संचालन स्थगित कर दिया जाए।
कहा कि संचालन में कमी का आकलन करते हुए जून में कुछ बसों को सरेंडर कराएं। रास्ते में मिलने वाल सवारियों को बैठाएं और बाईपास सेवा के रूप में संचालन न करें।
क्षेत्रीय प्रबंधक, प्रयागराज परिक्षेत्र टीकेएस बिसेन ने कहा कि आय बढ़ाने और नुकसान कम करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए यात्रियों की उपलब्धता और रोस्टर के अनुसार ही बसों का संचालन कराया जा रहा है।




