श्री गुरू गोविन्द सिंह जयन्ती पर आयोजित ५ दिवसीय चित्रकला शिविर व प्रदर्शनी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र प्रयागराज, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के अन्तर्गत श्री गुरू गोविन्द सिंह जी महाराज की जयन्ती के अवसर पर ५ दिवसीय चित्रकला शिविर/प्रदर्शनी का शुभारम्भ आज गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा खुल्दाबाद के सहयोग से ‘प्रकाश पर्व’ के रूप में गुरूद्वारा प्रांगण में हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में इलाहाबाद विश्व विद्यालय के दृश्य कला संकाय के विभागाध्यक्ष प्रो० अजय जेटली द्वारा गुरू गोविन्द सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कैनवास पर रंग विखेरते हुए शिविर का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर केन्द्र निदेशक श्री इन्द्रजीत ग्रोवर ने श्री गुरू गोविन्द सिंह जी के आदर्शो पर प्रकाश डालते हुए शिविर में प्रतिभाग कर रहे सभी चित्रकारों का स्वागत किया तथा चित्र कला विषय पर अपने व्याख्यान दिया। गुरू सभा की ओर से सरदार त्रिलोचन सिंह व सरदार जितेन्दर सिंह ने खालसा पंथ की विस्तृत चर्चा करते हुए गुरू की महिमा का बखान किया। केन्द्र द्वारा यह शिविर ५ दिवसीय होगी जिसका समापन दिनांक १९ जनवरी २०२१ को होगा। साथ ही गुरूद्वारा खुल्दाबाद के प्रागण में शिविर में निर्मित चित्रों की प्रदर्शनी तथा सबद कीर्तन का आयोजन प्रकाश पर्व पर केन्द्र द्वारा किया जायेगा।




