बहुसंख्यक हिंदू समाज को बांटने की साजिश रच रहे राहुल और सोनिया: गिरिराज सिंह


इलाहाबाद पहुंचे बीजेपी के फायरब्राण्ड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि आज देश में बहुसंख्यक समाज को कमजोर करने की साजिश चल रही है. उन्होंने कहा कि ऐसा क्यों हो रहा है कि जहां बहुसंख्यक हिंदू कमजोर हो रहा है. वहीं सामाजिक समरसता टूट रही है.
गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस ने कर्नाटक में बहुसंख्यक हिंदुओं को बांटने की कोशिश की. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि वे गुजरात में जनेऊ पहन लेते हैं. वहीं कर्नाटक में कांग्रेस बीफ की पार्टी कराती है. गिरिराज सिंह ने कहा है कि कांग्रेस और राहुल गांधी की मानसिकता है कि देश टुकड़े-टुकड़े में बंट जाए.
उन्होंने कहा है कि कांग्रेस की ये साजिश देशहित में नहीं है. गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस देश में हिंदुओं को कमजोर करना चाहती है और इसके लिए सोनिया और राहुल गांधी ही पूरी तरह से जिम्मेदार हैं.
उन्होंने कहा है कि देश में अवार्ड वापसी वाले लोग चाहते हैं कि हिंदू समाज खण्डित हो जाए और बीजेपी चाहती है कि पूरा समाज एक हो और सनातन धर्म एकजुट हो. बीजेपी चाहती है कि देश खण्डित न हो. देश का इमोशन राष्ट्र व एकता के साथ सबके साथ जुड़ा रहे.
बिहार में रामनवमी के दिन से ही अलग-अलग इलाकों में हो रही लगातार हिंसा को लेकर गिरिराज सिंह ने कहा है कि मैं लगातार बाहर हूं और बगैर पूरी जानकारी के कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सकता हूं.
जबकि यूपी की योगी सरकार की ओर से बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर का पूरा नाम लिखे जाने को लेकर लिए गए फैसले को केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सही ठहराया है. उन्होंने कहा है कि आखिर इसमें किसी को क्या आपत्ति होनी चाहिए. उन्होंने बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर को सामाजिक पुरोधा बताते हुए कहा कि बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर हम सब के हैं.



