Latest

यूपी के बदमाशों में एनकाउंटर का खौफ, थानों में शरण लेकर गुजारते हैं रात

इलाहाबाद। सीएम योगी आदित्यनाथ की पुलिस जिस तरह ताबड़तोड़ बदमाशों के एनकाउंटर में लगी है, उससे बदमाशों में पुलिस का खौफ साफ नज़र आने लगा है. यही कारण है कि अब यूपी में बड़े-बड़े नामी हिस्ट्रीशीटर पुलिस के आगे नतमस्तक होते नज़र आ रहे हैं. इसी कड़ी में यूपी के सीतापुर में बदमाश खुद ही पुलिस की शरण में आ गए हैं.

यूपी के बदमाशों में एनकाउंटर का खौफ, थानों में शरण लेकर गुजारते हैं रात
रिपोर्ट कहती है कि सीतापुर के बदमाशों की हालत यह है कि अब वो अपनी रात पुलिस थानों में गुजारते हैं ताकि पुलिस को इत्मीनान हो जाए कि वे इलाके में होने वाले किसी भी अपराध में शामिल नहीं हैं. पुलिस एनकाउंटर से अपराधी इस कदर खौफजदा हैं कि कई बदमाशों ने अदालतों में सरेंडर कर दिया है तो कुछ ट्रैक बदलकर समाज की मुख्यधारा में वापस लौट आए है.

शाम 7 बजे से सुबह 8 बजे तक थाने में शरण
सीतापुर के लहरपुर कोतवाली में 20 से अधिक लूट के मामले में नामजद नामी बदमाश रंजीत वर्मा द्वारा थाने में रात गुजारने का मामला सामने आया है. वहीं, रमुआपुर निवासी रामू, श्यामू ,मूलचंद, निंबौरी निवासी श्रवण, बरेती जलालपुर निवासी अंकित, नेवादा निवासी झगड़ू, शफीक, छोटे, लवकुश नामक बदमाश भी शाम ढलते ही थाने की शरण ले लेते है. भविष्य में अपराध न करने का संकल्प लेने वाले सभी शातिर अपराधी न सिर्फ रोजाना थाने पर हाजिरी देते हैं, बल्कि उन्होंने अपराध से तौबा कर लिया है.

भविष्य में किसी क्राइम में नहीं होंगे शामिल
पुलिस द्वारा अपराध न करने का संकल्प दिलाने के बाद अब अपराधी रोजाना शाम को 7 बजे थाने में हाज़िरी देते है और फिर थाने में ही रातभर सोते है. इसके पीछे इन अपराधियों का मकसद पुलिस को अपनी सफाई देना भी है कि वो कोई अपराध नहीं कर रहे है. हिस्ट्रीशीटर बदमाश रंजीत ने न्यूज18 से बातचीत में बताया कि वह भविष्य में किसी भी अपराध में शामिल नहीं होगा, क्योंकि अब वह सुधरना चाहता है, लेकिन उसे डर है कि कहीं पुलिस उसका एनकाउंटर न कर दें. इसलिए रोजाना शाम को 7 बजे थाने में हाज़िरी देता है और फिर थाने में ही रातभर सोता है. रंजीत वर्मा के मुताबिक अब वह खेती का काम करेगा और अपने बच्चों का पालन पोषण करके समाज में एक नई पहचान बनाएगा.

बदमाशों ने दिए एफिडेविट
जिले के एसपी आनंद कुलकर्णी कहते है कि लहरपुर कोतवाली इलाके में कुल 8 शातिर बदमाश है, जो शाम को थाने में हाजिरी लगाते है. वहीं 6 बदमाश रात को ही थाने में सोते है. एसपी ने बताया कि सभी बदमाशों ने पुलिस को एफिडेविट देकर भविष्य में कभी किसी भी अपराध में शामिल नहीं होने का वचन दिया है. आनंद कुलकर्णी ने बताया कि इन बदमाशों का थाने में सोने के पीछे सिर्फ एक मकसद है कि वो यह साबित करके पुलिस को दिखाना चाहते है कि वो अब किसी भी क्राइम में शामिल नहीं होंगे.

बदमाशों में एनकाउंटर का खौफ
बीते दिनों शामली के झिंझाना इलाके में एनकाउंटर के डर से हत्यारोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर किया था. हत्यारोपी ने एसपी अजय पाल शर्मा को एक शपथ पत्र दिया है, जिसमें उसने लिखा था कि वह भविष्य में किसी भी अपराध में शामिल नहीं होगा.

थाने में इनामी बदमाश ने सरेंडर किया
एनकाउंटर के डर से हाल ही में हापुड़ जिले में 15 हजार इनामी एक बदमाश अंकित ने थाने पहुंचकर सरेंडर किया. शामली के कैराना में भी योगी सरकार के एनकाउंटर का असर देखने को मिला, जहां पिछले महीने दो सगे भाई अपने हाथ में पोस्टर लेकर घूमते नजर आए. उस पोस्टर पर लिखा था कि वो अब से कोई अपराध नहीं करेंगे.

यूपी में एनकाउंटर का आंकड़ा
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के एक साल के कार्यकाल में अब तक प्रदेश में पुलिस और अपराधियों के बीच 1360 एनकाउंटर हो चुके हैं. इस दौरान 3098 अपराधी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. वहीं, 46 को पुलिस ने मार गिराया. पश्चिम उत्तर प्रदेश में इस मामले में सबसे आगे रहा है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button