Latest

टीकाकरण के बाद भी कोरोना संभव, शरीर को नुकसान नहीं पहुंचा सकेगा जानलेवा वायरस

90 फीसदी तक बढ़ जाती है शरीर की प्रतिरोधक क्षमता

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना से बचाव के लिए दो टीके लगवाने के बाद भी डॉक्टर के संक्रमित होने से चर्चाओं का बाजार गर्म हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि टीका प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। दोनों डोज लगने के बाद भी कोरोना वायरस के संक्रमण के आसार हैं। हां, पर कोरोना शरीर को नुकसान नहीं पहुंचा सकेगा।
विदित हो कि एसआरएन के मेडिसिन विभाग के एक जूनियर डॉक्टर ने 16 जनवरी को कोरोना का पहला टीका लगवाया था। इसके बाद दूसरी डोज 15 फरवरी को लगवाई। इसके बाद वह अस्पताल में कोविड मरीजों के वार्ड में ड्यूटी कर रहे थे। बुधवार को तबीयत खराब हुई तो उन्होंने कोरोना जांच कराई। जांच में वह संक्रमित निकले। इसके बाद अस्पताल के डॉक्टर व कर्मचारियों में चर्चा शुरू हो गई कि दो बार टीका लगवाने के बाद भी कैसे संक्रमित हो गए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय का कहना है कि यह गलतफहमी है कि कोरोना का टीका लगवाने के बाद संक्रमित नहीं होंगे। टीका लगाने का फायदा यह है कि अब कोरोना वायरस आपके शरीर को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा सकेगा। वहीं, एएमए अध्यक्ष डॉ. एमके मदनानी कहते हैं कि दूसरी डोज लगने के 15 दिन में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता 90 फीसदी तक बढ़ती है। इससे कोरोना होने पर शरीर पूरी ताकत के साथ उससे लडऩे में सक्षम होगा।

Related Articles

Back to top button