चुना जाएगा सप्ताह का सर्वश्रेष्ठ डॉक्टर

बेली हॉस्पिटल में बेहतर स्वास्थ्यकर्मियों को प्रोत्साहन
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। तेज बहादुर सप्रू (बेली) हॉस्पिटल में बेहतर कार्य करने वाले डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन ने बेहतर कार्य करने वाले डॉक्टरों समेत अन्य कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया। इसके लिए सप्ताह का सर्वश्रेष्ठ डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टॉफ, नर्स व चतुर्थश्रेणी कर्मचारी का चयन किया जाएगा। इसके जरिए दूसरों को भी बेहतर करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह प्रक्रिया इस सप्ताह से शुरू कर दी गई है।
सीएमएस डॉ. किरण मलिक ने बताया कि कोरोना काल में अस्पताल के हर डॉक्टर व कर्मचारी ने बेहतर कार्य किया। यह सिलसिला आगे भी बनाए रखने व सभी का हौसला बढ़ाने के लिए हर सप्ताह सर्वश्रेष्ठ डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टॉफ, नर्स व चतुर्थश्रेणी कर्मचारी का चयन किया जाएगा। उनके कार्य का विवरण, परिचय व फोटो एक सप्ताह तक अस्पताल के नोटिस बोर्ड पर लगी रहेगी। इससे दूसरे सहकर्मियों को भी बेहतर करने की प्रेरणा भी मिलेगी। साथ ही मरीजों की सेवा में और गुणवत्ता आएगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद माह का भी सर्वश्रेष्ठ डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टॉफ नर्स व चतुर्थश्रेणी कर्मचारी चुना जाएगा।
