Latest

माघ मेला में बनेगा पांच पांटून का पुल

पुल निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने जारी किया टेंडर

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। माघ मेला 2022 की तैयारी शुरू हो गई है। मेला के लिए सबसे पहला काम पांटून पुलों का निर्माण होता है। उसके लिए लोक निर्माण विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार मेला में पांटून के पांच पुल बनाए जाने हैं। पुल निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने टेंडर जारी कर दिया है। इसी महीने टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी तो अगले महीने से इसका निर्माण शुरू हो जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अभी से प्रक्रिया शुरू करेंगे तो समय से काम हो जाएगा। वरना देरी हो सकती है। माघ मेला में अबकी कोरोना संकट कम होने से ज्यादा भीड़ आने की भी उम्मीद बनी है। माघ मेला का विधिवत शुभारंभ 14 जनवरी 2022 से होगा। इससे पहले दिसंबर तक मेला की सभी तरह की तैयारियां पूरी करनी होगी। मेले में सबसे पहले गंगा पर पांटून पुल बनाएंगे। पांटून पुल बनने के बाद ही अन्य कार्य होते हैं। पांटून पुल बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग के मेला डिवीजन के अधीशासी अभियंता राम स्वरूप ने टेंडर जारी कर दिया है। इस बार गंगा नदी पर पांच पांटून पुल बनाए जाएंगे। इसमें 23 लाख लागत से महावीर पुल, 27.30 लाख की लागत से त्रिवेणी पुल, 29 लाख की लागत से काली पुल, 22 लाख रुपये की लागत से गंगोली शिवाला व मोरी पांटून पुल और 25 लाख रुपये की लागत से ओल्ड जीटी पुल का निर्माण कराया जाएगा। पांटून पुल के लिए आनलाइन टेंडर मांगा गया है। 18 अक्टूबर तक टेंडर भरा जाएगा और 19 अक्टूबर को टेक्निकल बिड खुलेगी। इसके बाद आगे की प्रक्रिया होगी। सवा महीने में पांटून पुल का निर्माण पूरा करना होगा। सबकुछ ठीक रहा तो दिसंबर के पहले हफ्ते में पुल बन जाएगा। उसके बाद अन्य तैयारियों तेजी से होगी।

Related Articles

Back to top button