पारेरहाट केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट से प्रतिदिन 400 सिलेंडर ऑक्सीजन बनाने की योजना

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। तेलियरगंज स्थित नवनिर्मित प्लांट में बुधवार को ऑक्सीजन का उत्पादन शुरू हो गया। पारेरहाट केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट से प्रतिदिन 400 सिलेंडर ऑक्सीजन बनाने की योजना है।
पहले चरण में 300 सिलेंडर प्रतिदिन बनाए जाएंगे।
पहले चरण में 300 सिलेंडर प्रतिदिन बनाए जाएंगे। नया प्लांट चालू होने के बाद बहुत हद तक प्रयागराज और आसपास के जिलों में ऑक्सीजन की किल्लत कम होगी।
नए प्लांट से स्टैनली रोड स्थित तेज बहादुर सप्रू अस्पताल को 50 सिलेंडर ऑक्सीजन देने की कवायद शुरू हो गई। प्लांट चालू होने के साथ अस्पताल से आए खाली सिलेंडरों में ऑक्सीजन रीफिलिंग शुरू हो गई। प्लांट की क्षमता बढ़ने के साथ जरूरत के अनुसार अन्य अस्पतालों को भी ऑक्सीजन दिया जाएगा। प्लांट में उत्पादन और मांग के आधार पर ऑक्सीजन का वितरण होगा।
पारेरहाट केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हर्षवर्धन बाजपेयी ने बताया कि कोरोना का संक्रमण और मृत्यु दर कम होने के बावजूद ऑक्सीजन की मांग 20 प्रतिशत बढ़ी है। ऐसे में नया प्लांट ऑक्सीजन की बढ़ती जरूरत को पूरा करेगा। कुछ दिनों बाद ऑक्सीजन का उत्पादन 400 सिलेंडर प्रतिदिन होगा। पारेरहाट केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के नैनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लांट का भी उत्पादन 500 सिलेंडर बढ़ाया गया है। पहल इस प्लांट में 1500 सिलेंडर रीफिल किए जाते थे। अब दो हजार सिलेंडर रीफिल हो रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लांट का उत्पादन बढ़ने से आम लोगों को राहत मिली है। इससे घरों में बीमार लोगों को उचित दर पर ऑक्सीजन मिल रहा है।
अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर की किल्लत को देखते हुए विधायक हषवर्धन बाजपेयी ने रेलवे समेत कई अस्पतालों को खाली सिलेंडर दिया है। विधायक के मुताबिक रेलवे अस्पताल को 300, पार्वती अस्पताल को 50, शंभूनाथ अस्पताल व अन्य निजी अस्पतालों को सिलेंडर दिए गए हैं ताकि मरीजों को निरंतर ऑक्सीजन मिल सके। 100 सिलेंडर अन्य जरूरतमंद लोगों को भी दिए गए हैं।



