Latest

इविवि: पाठ्यक्रमों का विवरण यूजीसी को भेजा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने यूजीसी को संचालित पाठ्यक्रमों का विवरण भेजा दिया है। इससे प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। नए शैक्षिक सत्र 2021-22 के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) प्रवेश परीक्षा कराएगी। हालांकि इसके लिए अभी प्रवेश संबंधी तिथि नहीं जारी की गई है।
देशभर के केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए पहली बार एनटीए प्रवेश परीक्षा कराएगी। यह परीक्षा मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तर्ज पर कराई जानी है। केंद्रीय मेरिट तैयार कर विश्वविद्यालयों को भेजी जाएगी। इसी आधार पर नए सत्र में विश्वविद्यालय प्रवेश देंगे। इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यूजीसी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय समेत अन्य विश्वविद्यालयों में पढ़ाए जाने वाले विषयों के बारे में जानकारी मांगी है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की तरफ से यूजीसी को जानकारी भी भेज दी गई है। सोमवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के साथ सभी कुलपतियों की बैठक प्रस्तावित थी। किन्हीं कारणों से बैठक टल गई है। ज्ञात हो कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में दाखिले के लिए अब तक इलाहाबाद विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश परीक्षा कराई जाती थी। इसके लिए इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने रसायन विज्ञान विभाग के प्रो.आईआर सिद्दीकी को प्रवेश प्रकोष्ठ का भी निदेशक नियुक्त कर दिया है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पीआरओ, डॉ. जया कपूर ने बताया कि यूजीसी की तरफ विश्वविद्यालय में पढ़ाए जाने वाले विषयों की सूचना मांगी गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के माध्यम से सेंट्रलाइज एंट्रेंस टेस्ट से प्रवेश प्रक्रिया कराई जानी है। टेस्ट की तिथि के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

Related Articles

Back to top button