मृतकों की नई पेंशन के वेतन का हिस्सा सरकार वापस करे – अटेवा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। आज अटेवा पेंशन बचाओ मंच उ०प्र० की वर्चुअल बैठक जिला संयोजक अशोक कन्नौजिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिसका संचालन जिला महामंत्री कमल सिंह ने किया । अटेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ हरिप्रकाश यादव ने बताया कि 1 अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों एवम् कर्मचारियों के वेतन से प्रतिमाह 10 प्रतिशत अंशदान नवीन पेंशन योजना में काटा जाता है ।यदि कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है तो उ०प्र० सरकार के शासनादेश 6 अक्टूबर 2016 के आधार पर उनके परिवार को पुरानी पेंशन के लाभ दिए जाते है परंतु मृतक के आश्रित को यह लाभ तभी देय है जब मृतक के वेतन से की गई सम्पूर्ण कटौती सरकारी खजाने में जमा कर दी जाती है । यह सरासर अन्याय है, कटौती की गई राशि मृतक के वेतन का हिस्सा है जिसे सरकार हजम कर रही है । डॉ यादव ने कहा कि अभी हाल ही में केंद्र सरकार ने इस विसंगति को दूर करते हुए 30 मार्च 2021 को शासनादेश जारी कर केंद्रीय कर्मचारियों के लिये यह व्यवस्था लागू की है कि मरणोपरांत परिवार को शिक्षक व कर्मचारी के वेतन से की गई कटौती की सम्पूर्ण धन राशि वापस कर दी जाएगी । परन्तु उ०प्र० सरकार में अभी पुरानी व्यवस्था ही लागू है जिससे शिक्षकों एवम् कर्मचारियों के लाखों रुपये मरने के बाद सरकार हजम कर जाती है । प्रदेश प्रवक्ता उपेंद्र वर्मा ने कहा कि नई पेंशन में मृतकों के वेतन का जो हिस्सा सरकार हजम कर रही है उसे मृतक शिक्षकों एवं कर्मचारियों के परिवार को देने का शासनादेश अविलम्ब जारी किया जाए जिससे पीड़ित परिवार को तत्कालिक आर्थिक संकट से निजात मिल सके ।




