Latest

एयर मार्शल रवि गोपाल ने वायु स्टाफ अफसर का पदभार संभाला

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। एयर मार्शल रवि गोपाल कृष्ण कपूर वीएम ने मध्य वायु कमान मुख्यालय भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ वायु स्टाफ अफसर का पदभार ग्रहण किया। यह जानकारी रक्षा मंत्रालय के जनसम्पर्क अधिकारी शान्तनु प्रताप सिंह ने गुरूवार को देते हुए बताया कि एयर मार्शल आर.जी.के कपूर वीएम ने 07 जून 1986 को भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान शाखा में कमीशन प्राप्त किया है। वायु अफसर भा.वा.से की इन्वेंटरी में शामिल विभिन्न प्रकार के लड़ाकू तथा प्रशिक्षण वायुयानों को लगभग 5000 घंटों तक उड़ाने का अनुभव रखने वाले ‘ए’ श्रेणी के कुशल उड़ान अनुदेशक हैं। ये रक्षा सेवा तथा स्टाफ कॉलेज वेलिंग्टन एवं कॉलेज ऑफ एयर वारफेयर के पुरा छात्र हैं। अपने शानदार सेवाकाल के दौरान एयर मार्शल ने आपरेशनल कमानों, संयुक्त प्रशिक्षण स्थापनाओं तथा वायु सेना मुख्यालय में कई फील्ड तथा स्टाफ पदों को सुशोभित किया है। पूर्व में ये वायु सेना मुख्यालय में सहायक वायु सेनाध्यक्ष, संक्रिया (अंतरिक्ष) तथा सहायक वायु सेनाध्यक्ष (आसूचना) से सम्बंधित प्रमुख पदों को सुशोभित किए हैं और संयुक्त राज्य अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में स्थित भारतीय दूतावास में भारत के रक्षा तथा वायु अटैची रहे हैं। मध्य वायु कमान मुख्यालय के वरिष्ठ वायु स्टाफ अफसर का वर्तमान पदभार ग्रहण करने से पूर्व ये मध्य वायु कमान मुख्यालय में वायु रक्षा कमांडर के पद पर आसीन थे।

जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि सेना में इनके उत्कृष्ट योगदान तथा अद्वितीय कार्यक्षमता के लिए एयर मार्शल को वायु अफसर कमांडिंग-इन-चीफ तथा वायु सेनाध्यक्ष द्वारा अलंकृत किया गया है। इन्हें वायु सेना मेडल से भी अलंकृत किया गया है।

Related Articles

Back to top button