Latest

इविवि में नए सिरे से शुरू होगी दाखिले की प्रक्रिया

नये शैक्षिक सत्र में प्रवेश को जल्द चयनित की जाएगी एजेंसी

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के ट्वीट के बाद इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (इविवि) समेत संघटक कालेजों में नए सत्र 2021-22 में दाखिले की तैयारी तेज हो गई। प्रवेश प्रकोष्ठ के कोर कमेटी की बैठक में सोमवार को यह निर्णय लिया जाएगा कि पूरी प्रक्रिया अब नए सिरे से की जाएगी। अब एजेंसी चयनित होने के बाद अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
दरअसल, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित कराने की मंजूरी दी थी। परीक्षा कराने का जिम्मा जेईई और नीट कराने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को सौंपा गया। इस पर इविवि ने एलएलबी (आनर्स), बीएएलएलबी (आनर्स) के अलावा बीएड, एमएड, एमपीएड, एमटेक (अर्थ एंड सिस्टम साइंस), एमबीए/एमबीए (आरडी), बीएफए, एमएफए, बीपीए, एमपीए में दाखिले का निर्णय लिया। इसे कुलपति ने भी अंतिम मंजूरी दे दी। इसी बीच रविवार को यूजीसी ने ट्वीट कर जानकारी दी कि सत्र 2021-22 के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा नहीं कराई जाएगी। विश्वविद्यालय अपने स्तर से पूर्व की भांति प्रवेश ले सकते हैं। अगले दिन सोमवार को प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रोफेसर आइआर सिद्दीकी ने कोर कमेटी की बैठक बुला ली। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए नए सिरे से प्रक्रिया शुरू की जाए। प्रोफेसर सिद्दीकी ने बताया कि जल्द ही स्नातक-परास्नातक समेत सभी पाठ्यक्रमों का ब्रोशर तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद एजेंसी का चयन होने पर नए सत्र में प्रवेश के लिए आवेदन मांगे जाने, प्रवेश परीक्षा कराने, प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी करने की तिथि जारी की जाएगी। फिलहाल उम्मीद जताई जा रही है कि अगस्त में आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी।

Related Articles

Back to top button