युवाओं के दम पर फिर बनेगी भाजपा की सरकार: प्रांशु दत्त

भाजपा नेता ने सपा, बसपा पर लगाया समाज को बांटने का आरोप
( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा कि जिस तरह 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी थी, उसी प्रकार आने वाले विधानसभा के चुनाव में भी युवाओं के दम पर भाजपा को बड़ी जीत हासिल होगी और प्रदेश में दोबारा भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा नेता ने कहा कि योगी एवं केशव के नेतृत्व में प्रदेश मे विकास की धारा बह रही है, जिसका प्रत्यक्ष गवाह प्रयागराज है। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा के शासन में जो गुंडाराज था उसका नाश परशुराम के आदर्शों पर चलकर योगी सरकार कर रही है। प्रदेश में सुशासन है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा, बसपा का ब्राम्हणप्रेम मात्र एक छलावा है। ब्राह्मण समाज अच्छी तरह इसे समझता है। उन्होंने से जानती है उन्होंने सपा शासन में हुई कृष्णानंद राय की हत्या का भी जिक्र किया और कहा कि ब्राह्मण समाज भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ा है क्योंकि ब्राह्मणों का जितना सम्मान भाजपा में है उतना किसी और दल में नहीं है। भाजपा नेता ने कहा कि हम तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करते। हम राष्ट्रवाद की विचारधारा को लेकर समाज और राष्ट्र की सेवा का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि इस देश का मुस्लिम नौजवान जो देश और देश की संस्कृति से प्यार करता है वह हमारे साथ खड़ा है। प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश में योग्य नौजवानों को बिना किसी सिफारिश के नौकरी मिल रही है और युवा उद्यमियों को व्यापार करने के लिए लोन मिल रहा है। व्यापारी बिना खौफ के व्यापार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस सत्ता के लिए जातिवाद का जहर बोकर समाज को बांटने का कार्य पहले भी करती थीं और आज भी कर रही हैं। जनता इनके मंसूबे अच्छी तरह से जान चुकी है और 2022 के चुनाव में भी इनको सबक सिखायेगी। प्रेस वार्ता में भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी,और राजू पाठक आदि भी उपस्थित रहे।




