अखाड़ा परिषद फिर दो फाड़ बैठक से पहले हरिद्वार में 7 अखाड़ों ने चुने नए अध्यक्ष महामंत्री

महंत रवींद्र पुरी को अध्यक्ष और निर्मोही अणि अखाड़े के महंत राजेंद्र दास को महामंत्री चुना
हरिद्वार (अनुराग दर्शन समाचार )। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के मतभेद साफ तौर पर उजागर हुए हैं और परिषद दो गुटों में बंट गई है। परिषद के प्रमुख रहे महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध मौत के बाद से ही अध्यक्ष पद को लेकर खींचतान का माहौल बना हुआ था।ताज़ा अपडेट के मुताबिक कनखल स्थित महानिर्वाणी अखाड़े में अखाड़ा परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह शास्त्री की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें आनन फानन में अखाड़ों की बैठक के बाद नए अध्यक्ष और महामंत्री के लिए नामों की घोषणा करते हुए रवींद्र पुरी को जिम्मेदारी दे दी गई। यह परिषद के भीतर मतभेद माना जा रहा है क्योंकि चार दिन बाद ही प्रयागराज में 13 अखाड़ों की बैठक होनी थी। साधु संतों की सर्वोच्च संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एक बार फिर दो फाड़ हो गई है। 20 अक्टूबर की देर रात 13 में से 7 अखाड़ों ने बैठक कर नई कार्यकारिणी का गठन कर लिया। अखाड़ा परिषद की नई कार्यकारिणी में महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी को अध्यक्ष और निर्मोही अणि अखाड़े के अध्यक्ष महंत राजेंद्र दास को महामंत्री चुना गया।



