एसएससी जीडी भर्ती 2018 में अनियमितता पर सरकार से मांगा जवाब

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने केंद्रीय कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की 2018 की अर्द्ध सैनिक बलों की भर्ती में खाली पदों को भरने की मांग में दाखिल याचिका पर केंद्र सरकार से चार सप्ताह में जवाब मांगा है। कोर्ट ने याचिका में विपक्षी बनाए गए चयनित अभ्यर्थियों को नोटिस जारी किया है। यह आदेश न्यायमूर्ति सरल श्रीवास्तव ने बद्रीनाथ निषाद व 11अन्य की याचिका पर दिया है।
याचियों के अधिवक्ता बृजेश कुमार यादव, पवन कुमार यादव व नरेंद्र राणा ने का कहना था कि चयन प्रक्रिया में नियमों को शिथिल कर गड़बड़ी की गई है। पद खाली होने के बावजूद योग्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति नहीं की जा रही है। कर्मचारी चयन आयोग ने अर्द्ध सैनिक बलों में 58373 पदों की भर्ती निकाली। उस भर्ती में अब भी चार हजार पद भरे नहीं गए हैं। कई अभ्यर्थियों की सफल होने के बाद भी नियुक्ति नहीं की जा रही है।कोर्ट ने याचिका पर अगली सुनवाई के लिए 17 दिसंबर की तारीख लगाते हुए केंद्र सरकार से जवाब मांगा है।



