Latestइलाहाबाद समाचार

हाईकोर्ट में अब खुली अदालत में होगी सुनवाई

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट एवं लखनऊ बेंच में आठ जून से खुली अदालत में न्यायिक कार्य शुरू होगा। अभी तक कोविड-19 एवं लॉकडाउन के कारण अदालतों में सुनवाई नहीं हो रही थी। इस कार्य के लिए न्यायाधीशों एवं स्टाफ की न्यूनतम संख्या के साथ विशेष पीठ बैठेंगी।

तीन जून से मैनुअली दाखिले भी शुरू हो जाएंगे। कार्य दिवस में याचिकाएं दाखिल की जा सकेंगी। याचिकाओं की ई-फाइलिंग के साथ शारीरिक रूप से उपस्थित होकर मैनुअली दाखिले भी चालू रहेंगे।

पोलो ग्राउंड के पास सेक्शन एवं वादकारियों के शेड में सिविल, क्रिमिनल समेत सभी प्रकार की अर्जी दाखिल होंगी। एफिडेविट न दे पाने की स्थिति में अंडरटेकिंग देनी होगी।
कोरोना कमेटी के सुझाव पर मुख्य न्यायाधीश के आदेश से महानिबंधक अजय कुमार श्रीवास्तव की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार यह व्यवस्था इलाहाबाद हाईकोर्ट की प्रधान पीठ एवं लखनऊ खंडपीठ दोनों में लागू की जा रही है। निबंधक शिष्टाचार आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रिर्पोटिंग सेक्शन में दाखिला होगा जिसके लिए अलग से स्थान निश्चित किया गया है।

ई मोड से पुराने मुकदमों में अर्जेंसी अर्जियां स्वीकार की जाएंगी। याचिका में कोई डिफेक्ट होने पर भी रिपोर्टिंग सेक्शन में फाइल नहीं रखी जाएगी। उसे भी सीधे कोर्ट में भेज दिया जाएगा। प्रत्येक अनुभाग से सभी फाइलों को सेनिटाइज करके ही कोर्ट में भेजा जाएगा।

Related Articles

Back to top button