यूनीवर्सल इलेवन ने जीता उद्घाटन मुकाबला

गौरव का बहुमुखी खेल, इमरोज का शतकीय प्रयास व्यर्थ
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । गौरव पाठक के बहुमुखी खेल (80 रन, 41 गेंद, नौ चौके, चार छक्के एवं एक विकेट) से यूनीवर्सल इलेवन ने जय सेल्स वॉरिसर्य को पांच रन से हराकर प्रयागराज टी-20 क्रिकेट लीग का उद्घाटन मुकाबला अपने नाम किया। पराजित टीम के इमरोज का शतकीय प्रयास (102 रन, 56 गेंद, 13 चौके, पांच छक्के) अर्थहीन बनकर रह गया।
विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल मैदान पर रविवार से शुरू हुई प्रतियोगिता में यूनीवर्सल इलेवन ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 188 रन (गौरव पाठक 80, सूफियान खान 40, फराज आजम 29, कलीम अख्तर व बृजेश यादव दो-दो विकेट) बनाये। जवाब में जय सेल्स वारियर्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 183 रन (इमरोज 102, गौरव तिवारी 38, आरिज अल्वी 3/32, दीपू पांडेय 2/44, गौरव व सूफियान एक-एक विकेट) ही बना सकी।
इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन एनआईएस क्रिकेट कोच एवं यूपी स्कूली क्रिकेट टीम के चयनकर्ता हसबीन अहमद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। आयोजन सचिव आलोक सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस मौके पर आशीष श्रीवास्तव, मनोज कुमार, मो. नबी, राजन पाल मौजूद रहे।


