Latest

11 लोगों की फांसी वाला घर, अब पुलिस वाले भी जाने से डर रहे

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के बुराड़ी इलाके में हाल में एक घर से मिले दस लोगों के लटकते शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भी गड़बड़ी की आशंका को खारिज करते हुए कहा गया है कि इनकी मौत फांसी लगाने से हुई है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज इसकी जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उस घर के दूसरे कमरे से बरामद 77 साल की नारायण देवी के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना बाकी है। हालांकि , एक प्राथमिक रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी मौत ‘‘ आंशिक रूप से फांसी ’’ के चलते हुई है। अधिकारी ने बताया कि परिवार के दस लोगों की आयी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी मौत फांसी लगने के कारण हुई है और शवों पर कुछ खरोंच के अलावा चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।   उन्होंने बताया , ‘‘ रिपोर्ट से पता चलता है कि उनकी मौत फांसी पर लटकने से हुई है। हमें नारायण देवी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा है। ’’ गत एक जुलाई को एक ही परिवार के दस सदस्यों के शव छत से लगी लोहे की जाली से लटकते पाये गये थे। वहीं , नारायण देवी का शव दूसरे कमरे में जमीन पर पड़ा पाया गया था।


उधर सूत्रों की मानें तो इस मकान से केवल आम लोग ही नहीं डर रहे हैं, बल्कि पुलिस वालों में भी डर देखा गया है। जांच के लिए अंदर जाने की बात आते ही कोई भी पुलिसकर्मी अकेला मकान के अंदर नहीं जाता है। शुरू में पुलिसकर्मी आसानी से अंदर जा रहे थे, लेकिन जैसे-जैसे इन आत्महत्याओं का रहस्य खुलता गया, पुलिसकर्मियों ने भी मकान के अंदर अकेला जाना बंद कर दिया। इस बात को दबी जुबान से क्राइम ब्रांच के अधिकारी भी मान रहे हैं। अगर ऐसा है तो आने वाले दिनों में इस मकान को सील करने के बाद पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि क्या यह मकान आने वाले दिनों में भूत बंगला बन जाएगा?


बता दें कि रविवार को जैसे ही एक परिवार के 11 सदस्यों की मौत की खबर आई इलाके में ही नहीं पूरे देश में इसको लेकर चर्चा है। इस मामले में पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है लेकिन घर में मिले दो रजिस्टर को लेकर पुलिस की जांच तंत्र-मंत्र की ओर भी है। दरअसल घर के अंदर बने एक छोटे से मंदिर से दो रजिस्टर भी मिले हैं जिसमें मोक्ष को लेकर लिखा गया है।

हनुमान चालीसा व गायत्री मंत्र का ही करते थे जाप 
जांच में घर से अब तक कुल 11 डायरियां मिली हैं। इन डायरियों में अलग-अलग तीन लोगों की लिखावट है। इसमें अंतिम कुछ सालों में प्रियंका द्वारा ही डायरी लिखी गई है। ये डायरी उस दौरान लिखी जाती थी, जब भोपाल सिंह की आत्मा ललित में आती थी। जांच में घर से हनुमान चालीसा के अलावा कोई धार्मिक पुस्तक भी नहीं मिली है। परिवार से जुड़े लोगों के अनुसार घर में हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र का नियमित रूप से सुबह, दोपहर और शाम के समय जाप होता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button