तीन वाहन चोर गिरफ्तार, तीन कार समेत छह वाहन बरामद
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शहर की एसओजी एवं जार्जटाउन तथा कर्नलगंज थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने सोमवार को चार पहिया वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया। टीम ने गिरोह के कब्जे से तीन कार, दो स्कूटी और एक मोटर साइकिल बरामद किया है।
यह जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मेजा थानाक्षेत्र के शिवपुरा गांव निवासी आकाश पाण्डेय पुत्र अनिल पाण्डेय, उसका भाई अम्बर पाण्डेय एवं पड़ोसी अनिल पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय मुन्नीलाल पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया है। तीनों जार्जटाउन थाना क्षेत्र के दरभंगा कालोनी में रह रहे थे।
गिरोह में शामिल दो युवक फरार हैं। गिरोह के सदस्य विगत लंबे समय से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे। मुखबिर की सूचना पर एसओजी एवं कर्नलगंज तथा जार्जटाउन की संयुक्त पुलिस टीम ने वन विभाग कार्यालय के पास से वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।




