इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शताब्दी छात्रावास में लगी आग,एक छात्र घायल

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शताब्दी छात्रावास के रूम नंबर 85 में रहने वाला छात्र अभिषेक सिंह सोमवार देर रात आग की चपेट में आ गया। पता चला कि शार्ट सर्किट से कमरे में लगी आग ने उसे चपेट में ले लिया। जब उसका दम घुटने लगा तो नींद खुली। लेकिन तब तक वह कमरे में आग से घिर चुका था। अंधेरा होने के कारण दरवाजा खोलने में भी देर होने लगी। उसने खिड़की का शीशा भी तोड़ दिया। उसके बाद शोर मचाता हुआ बाहर निकला तो छात्रावास के छात्रों ने उसकी मदद की। मंगलवार तड़के तीन बजे मौके पर पहुंची पुलिस छात्रावास के लड़कों के साथ अभिषेक को लेकर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल पहुंची और बर्न वार्ड में भर्ती कराया। सूचना पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर और हॉस्टल के अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि अभिषेक कौशांबी जिले का रहने वाला है। वह एलएलबी अंतिम सेमेस्टर का छात्र है। उसने पुलिस को यही बताया कि लैंप का तार शॉर्ट सर्किट होने से पिघल गया और उसी से आग लग गई। आग ने बिस्तर को भी पकड़ लिया जिससे वह चपेट में आ गया। परिजन उसे पीजीआई ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।


