भोजन की बर्बादी कम करने में खाद्य संरक्षण समय की आवश्यकता: कुलपति

- इविवि: खाद्य संरक्षण में छात्रों की क्षमता निर्माण पर कार्यशाला
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) । खाद्य संरक्षण में छात्रों की क्षमता निर्माण पर दो सप्ताह की कार्यशाला का उद्घाटन परिवार और सामुदायिक विज्ञान विभाग, इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि भोजन की बर्बादी को कम करने के लिए खाद्य संरक्षण समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर उन्होंने अनुवाद सम्बंधी मुद्दों और उत्पादों के विपणन पर जोर दिया। कहा कि इसका विस्तार खाद्य और पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम की शुरूआत कार्यशाला की संयोजक डॉ प्रिया केशरी, सहायक प्रोफेसर परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कार्यशाला के उद्देश्य और वर्तमान युग में महत्व के बारे में जानकारी दी। कहा कि इस प्रयास में उद्यमिता की क्षमता है। उप निदेशक डॉ पंकज शुक्ला ने प्रतिभागियों को विभिन्न स्तरों पर अपना स्वयं का स्टार्टअप शुरू करने के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं और क्षेत्र फल संरक्षण में ंप्रदान की जाने वाली सब्सिडी के बारे में जानकारी दी।
मंच पर प्रो. रिजवी, डॉ नीतू मिश्रा, डॉ पंकज शुक्ला उप निदेशक और बी.पी श्रीवास्तव प्रभारी शासकीय खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण केंद्र, प्रयागराज एवं विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों के प्रमुख एवं निदेशक भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में परिवार एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग के सभी संकाय सदस्य उपस्थित थे। सहायक प्रो. मोनिशा सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा।



