2 साल से टूटी सरकारी गल्ला मंडी की पुलिया पुलिया से मार्ग अवरुद्ध

अन्नदाताओं की मुसीबत की नही ले रहा कोई ज़िम्मेदार सुधि
( अनुराग शुक्ला / रमेश तिवारी )
कोराव,प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। तहसील इलाके की सरकारी गल्ला मंडी लेडियारी का प्रमुख मार्ग अवरुद्ध होने की वजह से अन्नदाताओं को बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है ।नवीन गल्ला मंडी के रास्ते को लेकर जहा एक ओर किसानों को अपना गल्ला लेकर मंडी आने जाने में मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है वही दूसरी ओर मंडी समिति नवीन गल्ला मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरे को बंद कर मंडी टैक्स की चोरी करने में बाज नही आ रही है। मंडी में रास्ता न होने के कारण मंडी में अन्य प्रांतों से आने वाले व्यापारी भी औने पौने दाम पर अनाज को खरीद रहे है साथ ही किसान मनमाने रेट की शिकायत मंडी अधिकारियों से करते है तो मंडी अधिकारी भी रास्ता न होने की बात कहते हुए टाल मटोल कर देते है। जिससे किसानों को खुले आसमान में अनाज युक्त ट्रेक्टर ट्राली को निकालने में दिन भर का समय व्यर्थ करना पड़ रहा है और इस भीषण गर्मी की मार झेलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। आरोप है कि मंडी में किसानों के लिए न तो पेयजल की व्यवस्था है और न ही प्रतीक्षालय व कैंटीन का इंतजाम है जिसके चलते भूख प्यास को दरकिनार कर किसान केवल अपने अनाज को बचाने व बेचने के लिए दिन भर का समय गवाता है। और किसान की फरियाद सुनने वाला यहां कोई नही दिख रहा । अन्नदाताओं की इस भीषण समस्या को लेकर न तो स्थानीय जनप्रतिनिधि संवेदनशील दिख रहे हैं ना ही जिम्मेदार अधिकारी ।मामला बीते 2 वर्षों से पुलिया टूटने की वजह से न्यायालय में विचाराधीन है लेकिन मंडी समिति के जिम्मेदार भी अभी तक इन 2 वर्षों के बीच में अपना मजबूत पक्ष नहीं रख पाए जिसकी वजह से किसानों को बीते 2 वर्षों से इस बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है ।उल्लेखनीय है कि 2 वर्ष पूर्व बरसात की वजह से सरकारी नवीन लेडियारी गल्ला मंडी के मुख्य मार्ग की पुलिया टूट गई थी जिसके वजह से रास्ता अवरुद्ध हो गया था उसके बाद ही स्थानीय दो पक्षों के बीच जमीन के विवाद को लेकर पुलिया निर्माण में पेच फंसा दिया गया और मामला न्यायालय में चला गया। समस्या को लेकर जब मंडी सचिव से वार्ता करने की कोशिश की गई तो उनका फोन ही नहीं लग सका।



