Latest

पैसेंजर ट्रेनों को बनाया जा रहा एक्सप्रेस

 

प्रयागराज-झांसी पैसेंजर से हुई शुरुआत

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। रेलवे द्वारा लॉक डाउन के पूर्व संचालित पैसेंजर ट्रेनों को एक बार फिर से चलाने की तैयारी की गई है। हालांकि अब उन पैसेंजर ट्रेनों को रेलवे एक-एक करके एक्सप्रेस ट्रेनों में तब्दील करेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनों के थोड़े स्टॉपेज कम किए जाएंगे। इसका असर यात्री किराये पर भी पड़ेगा। क्योंकि जो यात्री अभी तक पैसेंजर ट्रेन में कम किराया दे रहे थे, उन्हें एक्सप्रेस ट्रेन में बढ़ा हुआ किराया देना पड़ेगा। एनसीआर प्रयागराज मंडल की बात करें तो इसकी यहां प्रयागराज-झांसी पैसेंजर को सबसे पहले एक्सप्रेस ट्रेन बनाया गया है।
लॉक डाउन के पूर्व जंक्शन से गाड़ी संख्या 54160 प्रयागराज-झांसी पैसेंजर का संचालन नियमित रूप से हो रहा था। तब यह ट्रेन सुबह 6.05 बजे रवाना होकर शाम 6.15 बजे झांसी पहुंच रही थी। इस दौरान प्रयागराज से झांसी का संबंधित ट्रेन में किराया 80 रुपये था। प्रयागराज से झांसी के बीच ट्रेन के 42 स्टॉपेज थे। अब इसी ट्रेन को रेलवे ने एक्सप्रेस ट्रेन में तब्दील कर दिया है। गाड़ी संख्या 04112 के रूप में इस ट्रेन का संचालन झांसी के लिए शुरू किया गया है।
प्रयागराज से इसकी रवानगी के समय में कोई बदलाव नहीं किया है। सिर्फ इसके दो स्टॉपेज रेलवे द्वारा कम किए गए हैं। साथ ही यह ट्रेन शाम 6.15 की बजाय शाम पांच बजे ही झांसी पहुंच जा रही है। हालांकि एक्सप्रेस ट्रेन में तब्दील कर दिए जाने की वजह से इसका किराया सामान्य श्रेणी का अब 140 रुपये कर दिया गया है।
कोविड-19 की वजह से बिना बुकिंग वालों को सफर की मनाही होने की वजह से यात्रियों को साधारण श्रेणी में भी सफर के लिए रिजर्वेशन अनिवार्य कर दिया है। इस ट्रेन में स्लीपर का भी एक कोच लगाया गया है। इसका किराया 225 रुपये निर्धारित किया गया है। बताया जा रहा है कि प्रयागराज छिवकी-इटारसी, प्रयागराज संगम-बरेली पैसेंजर को भी आने वाले दिनों में रेलवे एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालित कर सकता है।

Related Articles

Back to top button