Latest

पुलिस को बारात का इंतजार, सिपाही दूल्हा फरार

हकीकत पता चली तो दुल्हन के चाचा ने करारी थाने में दी तहरीर

छत्तीसगढ़ में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज, रायपुर पुलिस ने की छापेमारी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कौशांबी जनपद में करारी थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को होने वाली शादी उस समय रुक गई, जब दुल्हन के चाचा को पता चला कि दूल्हा बनने वाले सीआरपीएफ के जवान के खिलाफ छत्तीसगढ़ में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज है। वहीं की युवती के आरोप पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद छत्तीसगढ़ की पुलिस सीआरपीएफ के सिपाही को तलाश रही है। तीन दिन से पुलिस जिले में डेरा डालकर बैठी है। सिपाही फरार है। दुल्हन के चाचा ने उसके खिलाफ करारी थाने में तहरीर दी है।

चरवा थाना क्षेत्र के अयोध्या का पूरा निवासी इंद्रजीत यादव रिटायर्ड दारोगा हैं। उनका बेटा हरगेंद्र सिंह सीआरपीएफ का सिपाही है। हरगेंद्र की शादी करारी थाना क्षेत्र के एक गांव में तय की गई थी। 30 नवंबर को बरात जानी थी। दुल्हन पक्ष के लोग बरातियों का इंतजार कर रहे थे।

काफी समय बीत जाने पर भी बरात नहीं आने पर दुल्हन के चाचा ने दूल्हे यानी सिपाही के पिता से फोन पर बातचीत की। चाचा का कहना है कि उसे बताया गया कि छत्तीसगढ़ के रायपुर जनपद की पुलिस सिपाही हरगेंद्र की तलाश में यहां आकर छापेमारी कर रही है।

रायपुर की एक युवती ने उसके खिलाफ प्रेम प्रसंग में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। यह सुनकर दुल्हन के चाचा के होश उड़ गए। उसने दूल्हा समेत उसके पिता व अन्य लोगों के खिलाफ करारी थाने में तहरीर देकर धोखेबाजी करने का आरोप लगाया है। वहीं रायपुर से आई पुलिस टीम का कहना है कि सिपाही हरगेंद्र सिंह फरार चल रहा है। उनकी टीम उसे गिरफ्तार करने आई है।

Related Articles

Back to top button