Latestइलाहाबाद समाचारगंगा तट सेलोकप्रिय

बंदी को नहीं मिली पेरोल, बहन की शादी में जेलर उपहार लेकर पहुंचे घर

प्रयागराज। (अनुराग शुक्ला)। इसे अनोखी शादी ही कहा जाएगा। सराय अकिल में एक दुल्हन अंजली की शादी तो हो रही थी, लेकिन जेल में बंद भाई के न आ पाने के कारण वह बहुत खुश नहीं थी, तो जेल में परेशान भाई ने शादी में न जा पाने के गम में दिन में खाना नहीं खाया।

ऐसे में जिला कारागार के अधीक्षक बीएस मुकुंद खुशियां लेकर सामने आए। उन्होंने जेल में बंद दुल्हन के भाई गुलाब से बात की। उसके बाद शाम को उपहार लेकर अंजली की शादी में भाई बनकर पहुंच गए। इसके बाद शादी समारोह में खुशियां दोगुनी हो गईं तो जेल में भाई ने भी कैदियों के साथ जश्न मनाया। जेल अधीक्षक की पहल पर उस शाम जेल मेें पूड़ी-मिठाई बनाई गई। इस तरह अंजली की शादी यादगार बन गई।

एक वर्ष से जेल में बंद है भाई

यह अनोखा वाकया तीन मार्च को हुआ। दरअसल, नगर पंचायत सराय अकिल के रामनारायण का बेटा गुलाब करीब एक वर्ष से कौशांबी कारागार में बंद है। उनकी बेटी अंजली की तीन मार्च को शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए बंदी गुलाब की ओर से जेल अधीक्षक बीएस मुकुंद समेत अन्य अफसरों को प्रार्थना पत्र भी दिया गया, लेकिन विचाराधीन बंदी होने के कारण उसे अपनी बहन की शादी में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली। इसकी वजह से वह काफी परेशान था। तीन मार्च को उसने दोपहर में खाना खाने से इन्कार कर दिया। इसकी जानकारी जेल अधीक्षक को हुई तो वह उससे मिले। उन्होंने उसे आश्वासन दिया कि वह उसकी बहन की शादी में भाई बनकर जाएंगे। इस पर वह खुश हुआ और कहा कि साहब आप शादी में शामिल होने जाएंगे तो मेरे परिवार को काफी खुशी मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button