इलाहाबाद समाचारराष्ट्रीय

कोरोना देश में LIVE / 623 केस, 12 मौतें: 25 राज्यों में पहुंचा संक्रमण

नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस का कहर जारी है। बुधवार को देश में 87 नए मामले सामने आए।राज्य सरकारों की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक संक्रमितों की संख्या बुधवार को 623 हो गई, वहीं अब तक 12 लोगों की जान चली गई है। बुधवार को दो कोरोना संक्रमितों की मौत भी हुई। सुबह तमिलनाडु के मदुरै में 54 साल के मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया और शाम को मध्यप्रदेश के उज्जैन की 65 साल की महिला की मौत हो गई। मिजोरम में नीदरलैंड से लौटा पादरी पॉजिटिव मिला। यह मिजोरम में संक्रमण का पहला और पूर्वोत्तर का दूसरा मामला है। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण देश के 25 राज्यों तक पहुंच गया है। इधर अमेरिकी दूतावास ने भारत में फंसे अपने नागरिकों से कहा- अमेरिकी नागरिक भारतीय कानूनों का पालन करें। यहां 15 अप्रैल के लिए लॉकडाउन घोषित किया गया है। जरूरी इंतजामों के लिए हम भारत सरकार के संपर्क में हैं। नागरिकों को निकालने के लिए अमेरिकी सरकार और एयरलाइन कंपनियों से बातचीत जारी है।

इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय के ज्वाइंट सेक्रेटरी लव अग्रवाल ने कहा- संक्रमितों के सीधे संपर्क में आने वाले लोगों और पीड़ितों का इलाज करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के बचाव के तौर पर हाइड्रोक्लोरोक्वीन नाम की दवा इस्तेमाल की जा सकती है। किसी और व्यक्ति को इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। दिल्ली एम्स के निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया ने कहा- हम टेली कंसल्टेशन सुविधा शुरू कर रहे हैं। कई मरीजों के अपाइनमेंट्स थे, जो निरस्त कर दिए गए हैं। गंभीर मरीज इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। फॉलोअप के लिए आने वाले मरीज फोन पर डॉक्टरों से सलाह ले सकते हैं। यह व्यवस्था अगले एक-दो दिन में काम करने लगेगी। हर डिपार्टमेंट से कुछ डॉक्टर मरीजों की समस्याओं का समाधान करने के लिए मौजूद रहेंगे।

दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक पहुंचा संक्रमित

केंद्र सरकार के मुताबिक, देश में 553 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। 42 लोग ठीक होकर अस्पतालों से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। हालांकि, केंद्र सरकार ने मृतकों की संख्या 10 बताई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा- पिछले 24 घंटे में पांच नए संक्रमण के केस सामने आए हैं। इनमें से एक के विदेश यात्रा करने की जानकारी मिली है। अब दिल्ली में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 35 हो गई है। वहीं, मौजपुर के मोहनपुरी में स्थित मोहल्ला क्लीनिक में संक्रमण के एक पॉजिटिव मरीज के पहुंचने की सूचना मिलने के बाद, 12 से 18 मार्च के बीच आने वाले लोगों को 15 दिन के लिए होम क्वारैंटाइन की सलाह दी गई है।

दिल्ली की अदालतों में कामकाज बंद

दिल्ली हाईकोर्ट ने देशभर में 21 दिन के लॉकडाउन के मद्देनजर राजधानी की सभी जिला अदालतों में 15 अप्रैल तक कामकाज बंद रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, गृह मंत्रालय ने कोरोना की वजह से 2021 की जनगणना का पहला चरण स्थगित कर दिया है। राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) अपडेशन भी फिलहाल टाल दिया गया है।

सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में

अब तक कोरोना के सबसे ज्यादा 116 मामले महाराष्ट्र में सामने आए, जबकि केरल (109) दूसरे नंबर पर है। कर्नाटक सरकार ने कहा कि राज्य में पिछले 24 घंटे में 10 नए मामलों को मिलाकर संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। इनमें से तीन लोग ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं, जबकि एक की मौत हो गई। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार रात 12 बजे से 21 दिनों के लिए देशभर में लॉकडाउन घोषित कर दिया था। गृह मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरान नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें एक से दो साल की जेल के अलावा कुछ मामलों में जुर्माने का प्रावधान है।

अमेरिका में लॉकडाउन लागू कराने के लिए सेना बुलानी पड़ी थी: केसीआर

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने राज्य के लोगों से कहा कि अमेरिका में लॉकडाउन लागू कराने के लिए सेना बुलानी पड़ी थी। यहां हालात काबू नहीं हुए तो हमें देखते ही गोली मारने का आदेश जारी करना पड़ेगा। उन्हाेंने सभी सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों से अपने क्षेत्रों में लॉकडाउन लागू करवाने में पुलिस की मदद करने काे कहा। राज्य में संक्रमण के अब तक 35 मामले सामने आए हैं और 19,313 लोग सर्विलांस पर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button