धनंजय सिंह की जमानत अर्जी पर 07 जुलाई को सुनवाई अपहरण व धमकाने के मामले में पूर्व सांसद पर केस दर्ज

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद हाई कोर्ट अब 07 जुलाई को जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह की जमानत अर्जी पर सुनवाई करेगा। अपहरण करके धमकाने के एक मामले में धनंजय सिंह की जमानत पर सुनवाई की तिथि आगे बढ़ाने संबंधी यह आदेश न्यायमूर्ति गौतम चैधरी ने दिया है।
याची धनंजय सिंह की अर्जी पर महाधिवक्ता ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से बहस की। लेकिन, याची अधिवक्ता ने सुनवाई टालने की प्रार्थना की। इस पर कोर्ट ने सात जुलाई को अर्जी सुनवाई के लिए पेश करने का निर्देश दिया है।
याची धनंजय सिंह व अन्य के खिलाफ जौनपुर जिला के थाना लाइन बाजार में अभिनव सिंहल ने 10 मई 2020 को एफआईआर दर्ज करायी है।
प्राथमिकी में आरोप है कि विक्रम सिंह, धनंजय सिंह व अन्य ने वाट्सएप पर कुछ लोगों को जबरन गिट्टी, बालू आपूर्ति के लिए दबाव डाला और धमकी दी। आरोप लगाया कि विक्रम सिंह कुछ व्यक्तियों का अपहरण कर कार से धनंजय सिंह के घर ले आए।
वहां उन्हें पिस्टल से धमकी दी गई।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के जौनपुर संसदीय सीट से सांसद रहे बाहुबली धनंजय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। धनंजय की गिरफ्तारी की कार्रवाई एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक से रंगदारी मांगने के मामले में की गई है।
पूर्व सांसद पर कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक ने अपहरण और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था। इसके बाद धनंजय सिंह के जौनपुर स्थित आवास पर छापेमारी कर पुलिस टीम ने आवास से पूर्व सांसद के साथ ही विक्रम सिंह को भी गिरफ्तार किया था। उसके बाद कोर्ट ने पूर्व सांसद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक अभिनव सिंघल ने पूर्व सांसद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।




