देश

ऐन वक्त चेंज- गोरखपुर से उपेन्द्रदत्त शुक्ला और फूलपुर से कौशलेन्द्र सिंह पटेल को बनाया प्रत्याशी

लखनऊ। बीजेपी के गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी. गोरखपुर से बीजेपी ने उपेन्द्र दत्त शुक्ला को मैदान में उतारा है तो वहीं, कौशलेन्द्र सिंह पटेल को फूलपुर से प्रत्याशी बनाया गया है। पहले खबर थी कि फूलपुर से भाजपा ने राजकुमारी मौर्य को प्रत्याशी बनाया लेकिन ऐन वक्त पर इसे बदल दिया गया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बीच आज सुबह दिल्ली के श्यामाप्रसाद मुख़र्जी रिसर्च सेंटर में मुलाकात हुई थी. इस मुलाकात में प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगी. उपेन्द्र दत्त शुक्ला गोरखपुर बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष हैं. वहीं कौशलेन्द्र वाराणसी के मेयर रह चुके हैं।

बता दें समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने पहले ही अपने-अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है. समाजवादी पार्टी ने गोरखपुर उपचुनाव के लिए निषाद पार्टी और पीस पार्टी के साथ गठबंधन किया है. गोरखपुर से निषाद पार्टी के इंजीनियर प्रवीण कुमार निषाद सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे. वहीं फूलपुर सीट से सपा ने नागेन्द्र प्रताप सिंह पटेल को प्रत्याशी बनाया है. सपा के दोनों ही उम्मीदवार आज नामांकन करेंगे.

वहीं कांग्रेस ने गोरखपुर से डॉक्टर सुरहिता करीम और फूलपुर से मनीष मिश्रा को उपचुनाव के लिए मैदान में उतारा है. ऐसे में बीजेपी प्रत्याशियों के नामों को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

दोनों ही सीट पर उपचुनाव 11 मार्च को होंगे और नतीजे 14 मार्च को आएंगे. गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके इस सीट से इस्तीफा देने की वजह से गोरखपुर लोक सभा सीट खाली हुई है. वहीं, फूलपुर सीट केशव प्रसाद मौर्य के उपमुख्यमंत्री पद संभालने के बाद रिक्त हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button