प्रो. संगीता श्रीवास्तव बनीं इविवि की कुलपति

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव को इलाहाबाद विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। प्रो. श्रीवास्तव इविवि की पहली महिला कुलपति होंगी। इससे पहले कोई महिला इविवि की स्थाई कुलपति नहीं रहीं। विश्वविद्यालय को केन्द्रीय दर्जा मिलने के बाद कुलपति बनने वाली वह इविवि की पहली प्रोफेसर भी हैं। केन्द्रीय दर्जा मिलने के बाद अब तक इविवि में तीन स्थाई कुलपति नियुक्त हुए और तीनों ही बाहरी थे।
इविवि के रजिस्ट्रार प्रो. एनके शुक्ला ने शिक्षा मंत्रालय से प्रो. श्रीवास्तव को कुलपति बनाए जाने का पत्र आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रो. श्रीवास्तव सोमवार को दिन में 11 बजे कार्यभार ग्रहण करेंगी। वह इविवि की चौथी स्थाई कुलपति होंगी। 31 दिसंबर 2019 को प्रो. आरएल हांगलू के इस्तीफा देने के बाद से कुलपति का पद खाली था। प्रो. हांगलू के इस्तीफे के बाद पहले प्रो. केएस मिश्र कार्यवाहक कुलपति बने। उनके सेवानिवृत होने के बाद प्रो. पीके साहू एक दिन के लिए कार्यवाहक कुलपति हुए। प्रो. साहू के सेवानिवृत होने के बाद से प्रो. आरआर तिवारी को कार्यवाहक कुलपति का पदभार मिला था।
इनसेट…
अब तक तीन स्थाई कुलपति
प्रयागराज। इविवि को 2005 में केंद्रीय दर्जा मिला था। उस समय प्रो. आरजी हर्षे को स्थाई कुलपति नियुक्ति किया गया था। प्रो. हर्षे का कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रो. एके सिंह की नियुक्ति हुई थी। प्रो. सिंह ने 2013 में इस्तीफा दे दिया था। प्रो. आरएल हांगलू ने दिसंबर 2015 में तीसरे स्थाई कुलपति के तौर पर कार्यभार ग्रहण किया था। प्रो. हर्षे और प्रो. हांगलू हैदराबाद विवि के थे तो प्रो. एके सिंह मुम्बई आईआईटी से आए थे। प्रो. श्रीवास्तव इविवि के गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष रही हैं। जून 2019 में उन्हें प्रो. राजेंद्र सिंह रज्जू भैया विवि का कुलपति नियुक्त किया गया था।
इनसेट…
प्रो. के.एन. सिंह देखेंगे कार्यभार
प्रयागराज। प्रोफेसर राजेंद्र सिंह रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव को इलाहाबाद विश्वविद्यालय की नई कुलपति होंगी। राज्यपाल और प्रदेश के विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आंनदी बेन पटेल की तरफ से जारी आदेश पर उन्हें रविवार को रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय के कुलपति के पद कार्यमुक्त भी कर दिया गया। यहां का प्रभार उत्तर प्रदेश राजॢष टण्डन मुक्त विवि के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह को सौंपा गया है। दोनों कुलपति सोमवार को पदभार भी ग्रहण कर लेंगे। विदित हो कि 25 जून 2018 को प्रो. संगीता श्रीवास्तव को राज्य विश्वविद्यालय में तीन वर्ष के लिए कुलपति पद पर नियुक्त किया गया था। प्रो. संगीता श्रीवास्तव के पति जस्टिस विक्रमनाथ गुजरात उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हैं।
इनसेट…
1989 में लेक्चरर पद पर किया था ज्वाइन
प्रयागराज। प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 1989 में लेक्चरर के पद पर गृह विज्ञान विभाग में ज्वाइन किया था। उस वक्त गृह विज्ञान विभाग बायोकेमेस्ट्री विभाग का एक हिस्सा था। उनके प्रयास से 2002 में गृह विज्ञान विभाग को नया भवन मिल गया। प्रो. संगीता श्रीवास्तव तब से गृह विज्ञान की विभागाध्यक्ष थीं। उन्हीं के प्रयास से बीते वर्ष विभाग को आठ नए शिक्षक भी मिल गए। उन्होंने इंटर तक की पढ़ाई प्रयागराज के सेंट मेरीज कॉन्वेंट से की। इसके बाद एग्रीकल्चर इंस्टीट्यूट, नैनी से बीएससी और जबलपुर विश्वविद्यालय से एमएससी की पढ़ाई की। इविवि से प्रो. पीसी गुप्ता के निर्देशन में पीएचडी किया।
इनसेट…
इविवि से 12 शिक्षक बन चुके हैं कुलपति
प्रयागराज। प्रो. संगीत श्रीवास्तव इलाहाबाद विश्वविद्यालय की 12वीं शिक्षक हैं, जिन्हें किसी विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है। इसके साथ ही इविवि की महिला शिक्षक के तौर पर वह दूसरी कुलपति हैं। इससे पूर्व मनोविज्ञान विभाग के प्रो. जनक पांडेय को बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, संगीत विभाग की प्रो. स्वतंत्र शर्मा को मध्य प्रदेश के राजा मानसिंह तोमर विश्वविद्यालय, भौतिक विज्ञान विभाग के प्रो. अविनाश चंद्र पांडेय को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी, कॉमर्स विभाग के प्रो. पीयूष रंजन अगवाल को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, बायोटेक्नोलॉजी विभाग के प्रो. डीके गुप्ता को जय प्रकाश विश्वविद्यालय झारखंड, राजनीति विज्ञान के प्रो. एमपी दुबे को उत्तर प्रदेश राजॢष टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. जीसी त्रिपाठी को बीएचयू का कुलपति बनाया गया था, जबकि वर्तमान में भौतिक विभाग के प्रो. राजाराम यादव वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय और केमेस्ट्री विभाग के प्रो. आरकेपी सिंह शकुंतला मिश्रा दिव्यांग विश्वविद्यालय लखनऊ और प्रो. एसके नाहर को ग्वालियर संगीत विवि के कुलपति हैं।


