कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों की शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं होगी- मण्डलायुक्त

मण्डलायुक्त ने किया बमरौली, पिपरी रोड, झलवा, बेनीगंज, लूकरगंज, खुल्दाबाद, रेलवे स्टेशन, सिविल लाइन्स आदि क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण. सड़कों को यथाशीघ्र समतल एवं दुरूस्त करने का निर्देश.
निरीक्षण के दौरान सड़क के किनारे बिजली के खम्भो की शिफ्टिंग करने एवं अतिक्रमण हटाने के कमिश्नर के निर्देश. नये एयरपोर्ट को पेंट माई सिटी के तहत पेंटिग कर उसे आकर्षक एवं भव्य बनाया जाय कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों की शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं होगी। नये एयरपोर्ट के कार्यो को पूरा करते हुए 30 नवम्बर तक करें क्रियाशील
प्रयागराज। मण्डलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल के द्वारा निरन्तर कुम्भ के दृष्टिगत कराये जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। मण्डलायुक्त ने आज अपने निरीक्षण के दौरान कई विभागों के अधिकारियों के द्वारा बैठक में बतायी जा रही कार्यो की वस्तुस्थिति की जानकारी स्वयं स्थल पर जाकर देखा तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया।

उनके कार्यदायी विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होगा और कोई भी शिथिलता या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगा। इसी क्रम में मण्डलायुक्त आज बमरौली एयरपोर्ट तथा नये बन रहे एयरपोर्ट के सम्पर्क मार्गों का व्यापक रूप निरीक्षण कर, वहां पर चल रहें कार्यों की पड़ताल भी की।

उसके बाद बमरौली से होते हुए पिपरी रोड, झलवा, बेनीगंज, लूकरगंज, खुल्दाबाद, रेलवे स्टेशन, सिविल लाइन्स आदि क्षेत्रों में कराये जा रहे सड़क एवं सौन्दर्यीकरण के कार्यों को भी देखा। उन्होंने निरीक्षण के दौरान सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क के किनारे लगे बिजली के खम्भे शिफ्टिंग कर ली जाय तथा सड़कों के निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाय। मण्डलायुक्त ने कड़े निर्देश दिये हैं कि इस माह के अंत तक हर हाल में पुराने शहर के इन क्षेत्रों में सड़कों पर स्थिति बहाल करते हुए यातायात सुगम किया जाय, जिससे आम शहरी को इस माह के अंत तक जाम और सड़क के निर्माण कार्य की असुविधा से राहत मिले। इसी तरह उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया नये एयरपोर्ट को 30 नवम्बर तक क्रियाशील कर दी जाय, इसके लिए दिन-रात कार्य किया जाय।
निरीक्षण में मण्डलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल के साथ उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण श्री भानुचन्द्र गोस्वामी, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियन्ता एवं अन्य अभियन्तागण, बिजली विभाग के अभियन्ता, एयरपोर्ट के अधिकारी साथ चल रहे थे। मण्डलायुक्त ने सर्वप्रथम बमरौली सिविल एयरपोर्ट के पास की सड़क का निरीक्षण किया। जहां पर सड़क के किनारे पड़ी मिट्टी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क के किनारे पड़े हर मलबे को तत्काल हटा दिया जाय तथा सड़क के किनारे किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो इसक बात का विशेष ध्यान दिया जाय। इसी तरह उन्होंने बमरौली एयरपोर्ट में बनी दीवारों पर पेंट माई सिटी के तहत पेंटिग कराये जाने के निर्देश दिये।
इसके बाद मण्डलायुक्त भगवतपुर बेगम बाजार फ्लाईओवर के नीचे बन रही सड़क को देखने आज दुबारा हुंचे। जहां पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क दोनो तरफ 5-5 मीटर सड़क बनायी जाय, जिसे आवागमन में किसी प्रकार की लोगों को असुविधा न हो। उन्होंने निर्माणधीन सड़क पर स्वयं चलकर उस पर अतिक्रमण हटाने एवं बिजली के खम्भों की शिफ्टिंग करने की कार्यवाही का भी निरीक्षण किया।
मण्डलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क पर घरों का पानी न आये इस बात का विशेष ध्यान दिया जाय। उन्होंने कहा कि सड़क के किनारे बने घरों को इस बात के लिए भी सूचित कर दिया जाय कि वे अपने घरों का पानी सड़क पर न बहायें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क पर पूरी तरह से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाय। उन्होंने उक्त सड़क का काम पिछले निरीक्षण के बाद धीमा होने पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि कार्य को शीघ्रता से पूरा किया जाय, इसमें शिथिलता न बरती जाय।
मण्डलायुक्त वहां से नये एयरपोर्ट में चल रहें कार्यो का निरीक्षण करने पहुंचे। जहां पर उन्होंने सर्वप्रथम लोगों के आवागमन के मार्ग के बारे में पड़ताल की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नये एयरपोर्ट में आने वाले यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने इसके लिए एयरपोर्ट एवं विभागीय अधिकारियों के साथ स्थल पर ही गहन-विचार विमर्श किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नये एयरपोर्ट का द्वार आकर्षक एवं लोगों के आवागमन में सुगम हो इस तरह से बनाया जाय। उन्होंने इसके बाद में नये एयरपोर्ट के अन्दर जाकर चल रहें कार्यों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने इण्टरलाकिग के लिए लगायी इण्टलाकिग की ईंट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इण्टलांकिग ईट के बारे में जानकारी लेते हुए मौके पर ही उसकी गुणवत्ता को भी परखा। मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को बमरोली से नये एयरपोर्ट तक आने वाली सड़क पर अवरोधकों हटाने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि सड़क पर जाम न लगे इसके लिए भी व्यापक प्रबन्ध करते हुए लेन मार्किंग भी की जाय।
मण्डलायुक्त ने नये एयरपोर्ट में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया 30 नवम्बर तक नये एयरपोर्ट को क्रियाशील कर दिया जाय।उन्होंने कहा कि कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए दिन रात काम किया जाय। उन्होंने नये एयरपोर्ट को आने वाले लोगों के आकर्षक का केन्द्र बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया कि नये एयरपोर्ट में पेंटिग करवायी जाय, जो लोगों को अपनी ओर आकर्षित करें। उन्होंने कहा कि नये एयरपोर्ट को इस तरह से तैयार कर सजाया जाय कि एक नया अनुभव यहां पर आने वालों लोगों के लिए बन सके।
मण्डलायुक्त नये एयरपोर्ट से निकलकर निरीक्षण करते हुए पीपलगांव रोड ससुरखदेरी नदी पुल के नीचे एप्रोच सड़क को देखने पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एप्रोच सड़क के कार्य को 25 नवम्बर तक पूरा कर लिया जाय। इसमें किसी प्रकार का विलम्ब न किया जाय। वहां से मण्डलायुक्त निकलकर पीपलगांव रोड़ पर नये एयरपोर्ट के लिए जाने वाली सड़क के प्रवेश अतिक्रमण हटाते हुए आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने सड़क के किनारे लगे बिजली के खम्भा को शिफ्ट किये जाने को बिजली विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया तथा सड़क के किनारे अतिक्रमण को भी तत्काल हटाने को भी कहा।
मण्डलायुक्त निरीक्षण करते हुए झलवा चौराहा पहुंचे, जहां पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क के किनारे अतिक्रमण को हटाया जाय तथा बिजली के खम्भों को शीघ्रता के साथ शिफ्टिंग की जाय। उन्होंने कहा कि अवैध प्रचार बोर्डो को भी हटाने की कार्यवाही की जाय।
मण्डलायुक्त झलवा होते हुए राजरूपपुर रोड़, चकिया, लुकरगंज, बेनीगंज, खुल्दाबाद होते हुए रेलवे स्टेशन तक चल रहें कार्यों को देखा तथा अधिकारियों को इस सम्बन्ध मे आवश्यक दिशा निर्देशित करते रहें।
इसके बाद मण्डलायुक्त निरंजन डाट पुल के पास स्थित पेट्रोल पम्प पर आ पहुंचे। जहां पर मण्डलायुक्त ने सड़क के किनारे बिजली के खम्भों के शिफ्टिंग करने के निर्देश दिये। मण्डलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान कार्यदायी विभागों के अधिकारियों को कार्यों के प्रति सचेत करते हुए निर्देशित किया कि कार्यों मे किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाय तथा दिये गये दायित्वों का निर्वाहन पूरी निष्ठा एवं लगन से किया जाय।




