प्रयागराज 10 जुलाई। 2019।प्रियंका गांधी के ट्वीट पर उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता एवं स्वास्थ मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने तगड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कुछ चीजें विरासत में मिलती है। कुछ लोग विरासत में मिली चीजों को खराब कर देते हैं मगर हमें जो चीजें विरासत में मिली थीं, उन पर हम सुधार कर रहे हैं। विरासत को बिगाड़ने वाला जो स्वभाव है वह राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा में देखने को मिलता है। कांग्रेस और अमेठी इसका जीता जागता सबूत हैं। आज स्वास्थ विभाग में किए गए सुधार सभी को दिख रहे हैं। पहले की तुलना में अब लोगों को दवाएं आसानी से प्राप्त हो रही हैं, भ्रष्टाचार में कमी आई है, जो डॉक्टर पहले अस्पतालों से नदारद रहते थे अब समय पर अस्पतालों में पहुंचना शुरू हो गए हैं, लगभग 4000 डाक्टरों की भर्तियां की गई हैं, पहले जिस टीकाकरण की दर 50-60 % रहती थी, वह अब 90-95% रहने लगी है, जे ई और ए ई एस बीमारियों से होने वाली मौतें हर साल बढ़ती जा रही थीं, वहां अब 2018 से उनमें गिरावट देखी जा रही है। हमें स्वास्थ्य सेवाओं की जो जिम्मेदारी विरासत में मिली थी उस पर हमने सुधार की लगातार कोशिशें की और आज परिणाम सबके सामने है।
श्री सिंह ने कहा कि जो फोटो प्रियंका गांधी जी ने अपने ट्वीट में लगाई है वह पुरानी है तथा इस प्रकरण में कार्यवाही भी की जा चुकी है। अब स्वास्थ्य विभाग ने अपने सभी जिला स्तरीय चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सोलर रूफटॉप लगाने की एक योजना बनाई है। स्वास्थ्य विभाग में सोलर रूफटॉप जैसे अभिनव कार्यक्रमों का शामिल किया जाना स्वास्थ्य विभाग में तेजी से हो रहे सुधारों को बतलाता है। स्वास्थ्य मंत्री ने उदाहरण देते हुए बताया कि इन्हीं सुधारों का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश आयुष्मान योजना में एक अग्रणी राज्य है, जेई और एईएस बीमारियों से लड़ने वाले राज्यों में अग्रिम पंक्ति पर है तथा टीकाकरण में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग स्वयं जमीन पर नहीं उतरते बल्कि केवल सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं और इसी प्रवृत्ति के कारण प्रियंका गांधी जी इस प्रकार के ट्वीट किया करती हैं।


